Bihar : भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी लगातार कार्रवाई कर रही है, फिर भी सरकारी कर्मी और पदाधिकारी भ्रष्टाचार की चासनी में डूबे रह रहे हैं। ऐसे में निगरानी ने फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए सीओ और कंप्यूटर ऑपरेटर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस की टीम ने कंप्यूटर ऑपरेटर और सीओ दोनों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सहरसा और मधेपुरा में की गई है। आरोपी पतरघट के अंचलाधिकारी राकेश कुमार पर आरोप है कि वह जमीन के दाखिल खारिज के नाम पर ऑपरेटर के माध्यम से घूस ले रहे थे। अब विजिलेंस की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
सहरसा और मधेपुरा में हुई कार्रवाई
विजिलेंस की टीम शुक्रवार की शाम सहरसा जिले के पतरघट अंचल कार्यालय पहुंची और सीओ के साथ-साथ कंप्यूटर ऑपरेटर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस बात की जानकारी देते हुए विजिलेंस के डीएसपी विंध्याचल प्रसाद ने मधेपुरा सर्किट हाउस में पत्रकारों को बताया कि यह कार्रवाई परिवादी कैलाश यादव की लिखित शिकायत के आधार पर की गई है।
जमीन दाखिल खारिज के लिए ले रहा था 20 हजार रुपए
परिवादी कैलाश यादव ने बताया था कि उन्हें अपनी बहन द्रोपदी देवी के नाम 61.98 डिसमिल जमीन का दाखिल-खारिज कराना था, जिसके लिए उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद वे प्रक्रिया की जानकारी के लिए पतरघट के अंचलाधिकारी राकेश कुमार से मिले। आरोप है कि सीओ ने इस कार्य के बदले 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की और वह रुपये कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल कुमार को देने को कहा था। परिवादी ने इस पूरे प्रकरण की जानकारी विजिलेंस को दी।
विज्ञापन
रिश्वत लेते हुआ गिरफ्तार
जांच-पड़ताल के बाद शिकायत सही पाई गई। इसके बाद धावा दल का गठन किया गया और शुक्रवार को पतरघट अंचल कार्यालय में निगरानी टीम ने छापेमारी कर मुंगेर निवासी सीओ राकेश कुमार और मधेपुरा निवासी कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल कुमार को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपितों को निगरानी की विशेष अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।