Bihar : भ्रष्ट अधिकारियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बाद भी लोग भ्रष्टाचार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी कड़ी में निगरानी की टीम ने एक अमीन को एक लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
किशनगंज में राज्य सतर्कता शाखा ने एक अमीन को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। महानंदा बेसिन परियोजना के सर्वेक्षण विभाग में अस्थायी कर्मचारी निरंजन कुमार को गुरुवार सुबह एक लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा है। मामला महानंदा नदी पर बांध निर्माण से जुड़ा है। जिला प्रशासन ने इस प्रोजेक्ट के लिए मोहम्मद अजमेर आलम की जमीन का अधिग्रहण किया था। अमीन निरंजन कुमार मुआवजे की राशि के लिए बार-बार उससे एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। इसके बाद पीड़ित ने अन्य स्थानीय निवासियों के साथ निगरानी विभाग में इसकी शिकायत दर्ज की।
विज्ञापन
उनके अलावा कई अन्य लोगों ने भी इसी तरह की शिकायतें की थीं। शिकायत दर्ज होने के बाद से निगरानी विभाग की टीम ने छापेमारी के लिए अपनी जांच तेज कर दी। अमीन निरंजन को जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के पास एक घर से एक लाख रुपए के रिश्वत लेते समय गिरफ्तार किया गया है। विजिलेंस के डीएसपी संजय कुमार ने घटना की पुष्टि की है। मामले की जांच जारी है। इस कारवाई के बाद जिले भर के सभी विभागों में हड़कंप मच गया है।