सीवान में ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई है, जिसमें दो लोगों की मौत घटना स्थल पर ही हो गई है। मामला सराय ओपी थाना क्षेत्र का है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि जिले के सराय ओपी थाना क्षेत्र के महापुर गांव में जमीनी विवाद में जमकर गोलीबारी हुई है, जिसके बाद पूरे गांव में भगदड़ हो गई।
वहीं, इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही गोली लगने से मौत हो गई है। दरअसल, पूरा मामला सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि दोनों मृतक माहपुर में कोई जमीन खरीद रखे थे, जिसको खाली कराने के लिए गुरुवार सुबह वह पहुंचे थे। लेकिन उस पर किसी और दबंग व्यक्ति का पहले से कब्ज है। जैसे ही दोनों व्यक्ति पहुंचे, जमकर गोलीबारी शुरू हो गई, जिसमें इन दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई है।
मृतक की पहचान कालीचरण, जो तेलहटा बाजार का निवासी बताया जा रहा है। वहीं, दूसरे की पहचान धर्मेंद्र डोम जो महापुर का रहने वाला बताया जा रहा है के रूप में हुई है। घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सीवान मोर्चरी भेज दिया है। वहीं, बताया जाता है कि दोनों के सिर में गोली लगी है, जिससे उन लोगों की मौत हो गई। आपको बता दें कि मृतक धर्मेंद्र के पॉकेट से चार जिंदा गोली बरामद हुई है एवं घटनास्थल से पुलिस ने चार गोली का खोखा बरामद किया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सीवान में ताबड़तोड़ गोलीबारी के बाद दो व्यक्तियों की हत्या के पूरे मामले पर सीवान एसपी शैलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि दो लोगों की गोली मारकर हत्या हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। घटना का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है। वहीं, दोनों मृतकों पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और यह पेशे से अपराधी भी थे।