होली में घर जाने की जल्दबाजी और तेज रफ़्तार के कारण बनवार रेल ओवर ब्रिज के ऊपर बुधवार की देर शाम को अनियंत्रित ट्रक ने एक ऑटो व बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिस कारण ऑटो में सवार एक महिला व बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण घटना में ऑटो चालक सहित एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई है, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा में भर्ती कराया गया है। वहीं मृत व्यक्ति की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरेजा गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक हरेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है। वह मांझी प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत शिक्षा विभाग में बीआरपी के पद पर कार्यरत थे, जबकि मृत महिला की पहचान नही हो सकी है। घटना में जख्मी ऑटो चालक जलालपुर थाना क्षेत्र का है, जबकि जख्मी महिला शीतलपुर गांव निवासी योगेश्वर महतो की पुत्री पूजा कुमारी है।
इस खबर को भी पढ़ें-
Accident News: भाजपा विधायक की गाड़ी और ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर, बाल-बाल बचीं श्रेयसी सिंह; दो अंगरक्षक गंभीर
स्थानीय लोगों ने घटना के संबंध में बताया कि दाउदपुर की ओर से एक ऑटो बनवार रेल ओवर ब्रिज से होकर छपरा की ओर जा रहा था तथा बगल से एक बाइक भी गुजर रही थी। तभी छपरा की ओर से तेज गति से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो में जबर्दस्त तरीके ठोकर मार दिया, जिससे अनियंत्रित होकर ऑटो बाइक में जा टकराई। ठोकर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सहित मोटर साइकिल भी ब्रिज पर पलट गई, जिसमें बाइक सवार हरेंद्र ठाकुर एवं ऑटो पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस ने स्थानीय मुखिया पति ध्रुवदेव गुप्ता व लोगों की मदद से खून से लथपथ सभी जख्मी लोगों को किसी तरह एकमा सीएचसी लाया गया। चिकित्सकों ने हरेंद्र ठाकुर एवं अज्ञात महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं ऑटो चालक व जख्मी पूजा कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया है। स्थानीय दाउदपुर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक का पीछा कर चालक को गिरफ्तार करने के साथ ही उक्त ट्रक तथा क्षतिग्रस्त ऑटो व बाइक को जब्त कर लिया है। घटना के बाद मृतक हरेंद्र ठाकुर के परिवार में हाहाकार मच गया है।