Siwan News: एक साथ तीन किशोरों की मौत ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। प्रशासन से ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसे खतरनाक गड्ढों को भरवाने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
सीवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के मोरा खास गांव से शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के तीन मासूम किशोरों की एक चिमनी के गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है। हर तरफ मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान मोरा खास निवासी पंकज यादव के आठ वर्षीय पुत्र बृजेश कुमार, हरिकिशोर यादव के पुत्र अमन कुमार तथा रंगीला यादव के 10 वर्षीय पुत्र अजित कुमार के रूप में की गई है। इनमें अजित कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिसकी असामयिक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
विज्ञापन
गोताखोरों की मदद से खोजबीन कराई गई
घटना के संबंध में मृतक अमन के चाचा नंद किशोर यादव ने बताया कि गांव में ही एक चिमनी स्थित है, जहां ईंट निर्माण के लिए जेसीबी से गहरी मिट्टी की खुदाई की गई थी। उसी गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था। शुक्रवार की दोपहर करीब 3 बजे तीनों किशोर नहाने के इरादे से वहां पहुंचे लेकिन परिजनों को इसकी जानकारी नहीं थी। जब शाम तक वे घर नहीं लौटे, तब खोजबीन शुरू हुई। काफी देर की तलाश के बाद शनिवार की सुबह जब चिमनी के गड्ढे में गोताखोरों की मदद से खोजबीन कराई गई, तो तीनों का शव बरामद हुआ।
पटना क्लब से लौट रहे बिहार के नामी उद्योगपति की हत्या; 6 साल पहले बेटे और अब गोपाल खेमका को मार डाला
इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर हाट थाना की पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया। घटना पर महाराजगंज एसडीपीओ राकेश रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गड्ढा चिमनी के लिए की गई मिट्टी की खुदाई से बना था। हादसा जलजमाव के चलते हुआ। चिमनी का स्वामित्व गांव के अशोक सिंह का बताया जा रहा है। गांव में इस हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।