बेगूसराय सदर अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड से बच्चा चोरी मामले की मास्टरमाइंड एसएनसीयू में तैनात महिला गार्ड ही निकली। उसने महज 60 हजार के लिए जन्म के दूसरे दिन ही नवजात बच्चे को चोरी करने की साजिश रची। इस घटना के बाद पुलिस ने न सिर्फ कुछ घंटे बाद ही बच्चा को बरामद कर लिया बल्कि आरोपी सुरक्षा गार्ड सहित तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
चोरी करने के लिए 60 हजार में हुई थी डील
जानकारी के अनुसार खरीददार से बच्चा चोरी के एवज में 60
हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। इस मामले में पुलिस ने सुरक्षा गार्ड ज्योति मिश्रा, सीता देवी और सुलेना देवी नामक महिला को गिरफ्तार किया है। बताते चलें कि शनिवार की रात मुंगेर की रहने वाली नंदनी कुमारी ने सदर अस्पताल मे एक बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के बाद बच्चे को एसएनसीयू मे भर्ती कराया गया था। रविवार को एक अज्ञात महिला ने एसएनसीयू में घुसकर नवजात लड़के की चोरी कर ली थी। इसके बाद स्वास्थ्य अस्पताल में काफी हो हंगामा मचा था। घटना के बाद से ही शक की सुई सुरक्षा कर्मी ज्योति मिश्रा पर गई थी।
बच्चे के मां पिता ने राहत की सांस ली
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ज्योति मिश्रा को हिरासत में लिया तो पूरी घटनाक्रम का उद्भेदन हुआ और पुलिस ने कुछ घंटे बाद ही बच्चे को बरामद कर लिया। जिसके बाद बच्चे के मां पिता ने राहत की सांस ली। फिल्हाल इस घटना के बाद सदर अस्पताल बेगूसराय में बच्चा चोरी के नेटवर्क का खुलासा हुआ। हालांकि पकड़ी गई ज्योति मिश्रा ने खुद को निर्दोष बताया हैं। वहीं इस संबंध में नवजात की मां ने कहा कि आज मेरा पुत्र सकुशल बरामद हो गया। इससे ज्यादा काफी खुशी मिल रही है। क्योंकि मेरे बच्चा जब चोरी हो गया था तो लग रहा है कि मेरी दुनिया उजड़ गई। लेकिन, पुलिस के तत्परता से मेरा बच्चा मेरे पास वापस फिर से आ गया।