स्थानीय लोगों के साथ पूर्व आईपीएस अधिकारी शिवदीप लांडे।
- फोटो : अमर उजाला
कोसी प्रक्षेत्र के पूर्व पुलिस उप महानिरीक्षक शिवदीप लांडे ने रविवार को हवाई अड्डा से युवाओं के साथ दौड़ लगाई। शिवदीप लांडे फाउंडेशन के बैनर तले युवाओं ने रन फॉर सेल्फ के तहत पूर्व डीआईजी के साथ हवाई अड्डा से निकल कर वीर कुंवर सिंह चौक, जिला परिषद गेट, प्रशांत मोड़, एमएलटी कॉलेज होते तिवारी टोला चौक दौड़ लगा कर पहुंची। पूर्व आईपीएस अधिकारी शिवदीप लांडे ने कहा कि वह सहरसा के बाद मधेपुरा ओर सुपौल का भी दौड़ा करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं का जोश देख कर मुझे काफी प्रेरणा मिली है।
युवाओं की सोच और चरित्र में भी बदलाव लाना है
शिवदीप लांडे ने कहा कि आने वाले दस सालों में बिहार को बदलना है। यही सोच के साथ युवाओं की सोच और चरित्र में भी बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि मैंने अपनी इस मुहिम का शुभारंभ मुंगेर से किया था। दौड़ के साथ स्थानीय समस्या से भी अवगत होने का प्रयास किया जा रहा है। युवाओं को संबोधित करते हुए शिवदीप लांडे ने कहा कि वे आगामी 10 वर्षों में बिहार की दशा और दिशा बदलने के लिए समर्पित हैं और पूरे बिहार में युवाओं को जागरूक करने के लिए रन फॉर सेल्फ अभियान चला रहे है।
देश निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम है
उन्होंने युवाओं को देश निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि देश निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम है। इस दौरान पटेल मैदान ओर हवाई अड्डा में पुलिस सेवा में जाने के लिए तैयारी करने वाले युवाओं की काफी तादाद में उपस्थिति देखी गई। इस दौरान युवा पूर्व आईपीएस के साथ सेल्फी लेने की भी होड़ मची रही। इस दौरान वह स्थानीय लोगों से भी मिल कर स्थानीय समस्या से अवगत हुए। उन्होंने कहा कि वह मूंगेर के बाद बांका, भागलपुर, लखीसराय का दौड़ा कर चुके हैं। आगे वह बिहार के सभी जिलों का दौरा करेंगे।