यौन शोषण की शिकार हुई नाबालिग ने सोमवार को अनुमंडलीय अस्पताल में स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है। मामला सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र का है, जहां यौन शोषण की शिकार हुई नाबालिग अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ अब तक दर-दर की ठोकर खा रही है। वह स्थानीय पुलिस-प्रशासन सहित जनप्रतिनिधियों को कोस रही है। पीड़िता की मां ने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी के विरुद्ध थाने में मामला दर्ज है। फिलहाल, आरोपी अब्दुल हाफीज न्यायिक हिरासत में है, लेकिन पीड़िता को धमकी देने वाले अभी भी बाहर घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है।
फोकानिया परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर पहली बार बनाया था संबंध
पीड़िता की मां ने कहा कि उसके पति बाहर रह कर मजदूरी करते हैं। दो बच्चे भी गांव से बाहर रह कर पढ़ाई करते हैं। पीड़िता तीन वर्ष की उम्र से ही आरोपी इमाम के पास पढ़ाई करती थी। पढ़ाई के सिलसिले में आरोपी का पीड़िता के घर भी आना-जाना था। बीते 19 अप्रैल को आरोपी ने पीड़िता को घर में अकेली पाकर पहली बार बहला-फुसला कर उससे यौन संबंध बनाया। उसने पीड़िता को भरोसा दिलाया कि वह उसे फोकानिया की परीक्षा में पास करा देगा। इसके बाद मौका पाकर लगातार पीड़िता का यौन शोषण करता रहा। इस बीच उसकी नाबालिग पुत्री गर्भवती हो गई।
पहले से शादीशुदा इमाम देता रहा शादी का झांसा
आरोप है कि इमाम पहले से शादीशुदा एवं बाल-बच्चेदार है। पीड़िता को शादी का झांसा देकर लगातार यौन संबंध बनाता रहा। पीड़िता की मां ने कहा कि गर्भवती होने की बात सामने आई तो आरोपी शादी करने से मुकर गया। मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर कई बार पंचायत भी हुई। लेकिन, शादी से इमाम के इनकार करने पर पंचायत विफल हो गई।