मामला जिले के के बैरिया प्रखंड के राजकीय माध्यमिक विद्यालय बैरिया बाजार की है। जहां उमस भरी गर्मी के कारण 20 स्कूली बच्चे बेहोश होकर गिर गए हैं। सभी बच्चों को आनन-फानन में इलाज के लिए शिक्षकों ने जीएमसीएच बेतिया में भर्ती कराया है। जहां सभी बेहोश हुए बच्चों का बच्चों का इलाज चल रहा है। बेहोश होने वाले छात्र में कल्पना कुमारी (वर्ग 7), शेबी खातून (वर्ग 6 ), पूजा कुमारी (वर्ग 7), प्रियंका कुमारी (वर्ग 7) , शिल्पी कुमारी (वर्ग 4), डिंपल कुमारी (वर्ग 4 ), रुखसाना खातून (वर्ग 8), सुंदरी खातून (वर्ग 9) , रानी खातून (वर्ग 9), शिवानी कुमारी (वर्ग 8 ), पुष्पा कुमारी (वर्ग 7), खुशी कुमारी (वर्ग 6) आदि शामिल है।
वहीं घटना के बाद से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल है। हालांकि, बच्चों के बेहोश होने की सूचना के बाद बैरिया थाने की पुलिस के साथ ही अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। बताया जाता है कि स्कूल में बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण असुविधा हुई और एक के बाद एक 20 बच्चे बीमार हो गए। बच्चों की बीमार होने के बाद पेरेंट्स स्कूल पहुंचने लगे। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जाता है कि बीमार बच्चे में अधिकांश सुबह खाना खाकर स्कूल नहीं आए थे। फिलहाल, दो बच्चों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
इधर, प्रधानाध्यापक उत्तम कुमार राय ने बताया कि स्कूल में बच्चों के बैठने की क्षमता से अधिक नामांकन है। इतने बच्चों का स्कूल में नामांकन हो, तो उतने बच्चों की बैठने के लिए सुविधा नहीं है। मौसम भी गुरुवार को काफी खराब था। इसके कारण 20 बच्चे बेहोश हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, अधिकारियों को भी इस संबंध में जानकारी दी गई है। बता दें कि बच्चे सुबह 9 बजे स्कूल आ जाते है। वहीं, 4 बजे तक स्कूल का यहां संचालन हो रहा है। इस मामले में जिलाधिकारी दिनेश कुमार राय ने बताया कि गर्मी के कारण कुछ बच्चे बेहोश हुए थे। सभी को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।