खगड़िया सदर अंचल के अधिकारी ब्रजेश कुमार पर दाखिल-खारिज अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने, पंचायत सरकार भवन के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं कराने और उच्च न्यायालय द्वारा पारित न्यायादेश की अवहेलना करने जैसे आरोप हैं।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने खगड़िया सदर के अंचलाधिकारी ब्रजेश कुमार पाटिल पर कार्रवाई कर दी है। उनपर काम में घोर लापरवाही बरते समेत कई आरोप हैं। बताया गया कि विभाग के अनुशासनिक प्राधिकार ने खगड़िया के खगड़िया सदर के अंचलाधिकारी ब्रजेश कुमार पाटिल पर निलंबन की कार्रवाई की है। खगड़िया के समाहर्त्ता की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। विभाग के संयुक्त सचिव अनिल कुमार पांडेय के हस्ताक्षर से इस संबंध में पत्र जारी कर दिया गया है। उनपर काम में घोर लापरवाही बरतने एवं राजस्व प्रशासन का कार्य नहीं संभाल पाने का आरोप है।
विज्ञापन
जानिए, क्या-क्या है ब्रजेश पाटिल पर आरोप
विभाग की ओर से बताया गया कि ब्रजेश पाटिल के खिलाफ बिहार भूमि दाखिल-खारिज अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने, विभागीय निदेश के बावजूद सुयोग्य श्रेणी के वासभूमि विहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने हेतु अभियान बसेरा-2 के तहत सर्वेक्षित परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरण कार्य में शिथिलता बरतने, ऑनलाइन जमाबंदी में मोबाइल नंबर एवं आधार सीडिंग कार्य की प्रक्रिया पूर्ण करने में शिथिलता बरतने, ई-मापी में अमीन के कार्यों की समीक्षा नहीं करने, समय जमाबंदियों के परिमार्जन नहीं करने की वजह से राजस्व वसूली प्रभावित होने, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा पारित आदेश का पालन नहीं करने, पंचायत सरकार भवन के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं कराने, ऑनलाइन लगान अद्यतन करने में अभिरूचि नहीं लेने, उच्च न्यायालय द्वारा पारित न्यायादेश की अवहेलना करने जैसे आरोप हैं।
'अगले तीन महीने के अंदर 27375 आशा की होगी बहाली', स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने किया यह एलान
निलंबित करने की अनुशंसा की गयी
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से बताया गया कि खगड़िया के जिलाधिकारी की रिपोर्ट में लिखा गया कि खगड़िया अंचल ऐसा अंचल है, जहां राजस्व के कागजातों की घोर कमी है। ऐसी स्थिति में खगड़िया अंचल का कार्य ब्रजेश कुमार पाटिल, अंचल अधिकारी, खगड़िया से सुचारू रूप से नहीं चल सकता है। इनकी कार्यशैली एवं कार्यभावना राजस्व प्रशासन के अनुकूल नहीं है। खगड़िया अंचल के रैयतों एवं राजस्व हितों को देखते हुए ब्रजेश कुमार पाटिल को निलंबित करने की अनुशंसा की गयी है। निलम्बन अवधि में इनका मुख्यालय आयुक्त कार्यालय, मुंगेर प्रमंडल, मुंगेर रहेगा।