Bihar : राज्य के कई हिस्सों में हो रही लगातार बारिश और बाढ़ को देखते हुए पहले राजद और फिर भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को लोगों की मदद करने का निर्देश दिया है। कोसी बराज से 4 लाख 18 हजार 285 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज करने के बाद स्थिति फिर भयावह हो गई है।
शनिवार की सुबह आठ बजे कोसी बराज से चार लाख 18 हजार 285 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। साथ ही बराह क्षेत्र में तीन लाख 53 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। इसको लेकर जिला प्रशासन ने तटबंध के क्षेत्रों में बाद से प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले लोगों को निकालने में जुटा हुआ है। हालांकि जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि हम किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
विज्ञापन
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आमजन और पार्टी कार्यकर्ताओं से की अपील
इसको लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि नेपाल में हो रही निरंतर बारिश से कोसी के जलस्तर में वृद्धि के कारण कोसी बैराज के सभी फाटक खोल दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कोसी नदी का जलस्तर 56 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ सकता है। उन्होंने कोसी तटबंध के भीतर, बांध एवं नहर के नजदीक बसे लोगों को सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की तरफ़ से भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ता भी लोगों की सेवा के लिए तत्पर और सजग रहने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं सरकार से आग्रह है कि लगातार मॉनिटरिंग कर, चौकन्ना रहकर लोगों को सावधान करें एवं उन्हें सुरक्षित रखे।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी लोगों को सतर्क रहने की अपील की
बाढ़ और भारी बारिश को देखते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नेपाल और बिहार के व्यापक क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण फ्लैश फ्लड की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने पटना सहित 13 जिलों में अतिवृष्टि की चेतावनी दी है, इसलिए इन जिलों में लोगों को सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर आश्रय लेने में देर नहीं करनी चाहिए।
विज्ञापन
डीएम, एनडीआरएफ सहित सभी सुरक्षा एजेंसियों को किया सतर्क
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरकार ने संबंधित सभी डीएम और एनडीआरएफ सहित सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि तटबंधों की निगरानी की जा रही है। सरकार का आपदा प्रबंधन विभाग हर स्थिति से निपटने को तैयार है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों और इंजीनियरों की छुट्टी रद कर दी गई है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी लोगों की सहायता के लिए तैयार रहने की अपील की है।