Bihar: पूर्णिया आज फिर चर्चा में है। वजह है पप्पू यादव पर प्रशासनिक कार्रवाई। प्रशासन ने पप्पू यादव के कार्यालय से एक वाहन को जब्त किया है। प्रशासन-पुलिस की दलील है कि इनके पास इस गाड़ी का लाइसेंस नहीं है, जबकि पप्पू कह रहे हैं कि मुझे तंग किया जा रहा है।
पूर्णिया लोक सभा सीट एक बार फिर चर्चा में हैं। पूर्णिया लोक सभा से निर्दलीय प्रत्याशी राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के प्रधान कार्यालय में अचानक जिला निर्वाचन पदाधिकारी के मातहत दंडाधिकारी ने पुलिस टीम के सहयोग से कार्रवाई की है। प्रशासन-पुलिस ने कार्यालय में पहुंचकर बिना स्वीकृति के बाजा रही डीजे गाड़ी को जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई हाट थाना की पुलिस ने की है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के आदेश पर की गई है। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने परेशान करने का आरोप लगाया है। पप्पू यादव ने कहा कि जिस डीजे गाड़ी को पुलिस ने जब्त किया है, उसका परमिशन लिया गया था। उसके बाद भी गाड़ी को जब्त कर लिया गया है।
विज्ञापन
परेशान करने की है मानसिकता
पप्पू यादव ने कहा कि पुलिस फोर्स कार्यालय पर आई हुई थी। उन्होंने कहा कि उस गाड़ी की ब्राडिंग रोड पर ही हो रही थी। गाड़ी के परमिशन के लिए गए हुए थे। उस गाड़ी में न कुछ बजाया गया और न कोई आवाज हुई। इसे तैयार ही किया जा रहा था। पप्पू यादव ने कहा कि इस तरह के रवैये की मुझे पहले भी शंका थी। उन्होंने कहा कि मैं देश और दुनिया से कभी डरता ही नहीं हूं। पूर्णिया में कभी डर का नाम रहा ही नहीं हैं। मुझे लगता है कि जितना ये लोग मुझे परेशान करेंगे, भगवान उतना ही उनको सद्बुद्धि दे। पप्पू यादव ने कहा कि इनकी मानसिकता बन गई है जैसे दिल्ली में ईडी और सीबीआई की मानसिकता है। उन्होंने डीएम और एसपी से भी आग्रह करते हुए कहा कि किसी भी प्रतिक्रिया से पहले ऑर्डर होना आवश्यक है। पप्पू यादव ने कहा कि किसी भी कार्यालय में आकर वर्कर को धमकाए और जबरदस्ती गाड़ी ले जाए, यह लॉ एंड ऑर्डर नहीं है।
परेशान किया जा रहा है, जान का है खतरा
पप्पू यादव ने कहा पहले उनकी सिक्योरिटी छीनी गई और अब उन्हें परेशान किया जा रहा है। उनकी जान को खतरा है। जिस दिन वह कांग्रेस ज्वाइन किए थे, उसी दिन उनकी सुरक्षा हटा ली गई थी। वहीं, सदर एसडीपीओ पुष्कर कुमार का कहना है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बिना परमिशन लिए ही गाड़ी सजाई जा रही है। प्रचार गाड़ियों की जांच में एक गाड़ी अवैध पाई गई है, जिसके बाद एक गाड़ी को जब्त किया गया है।