अपराधी के साथ थाना के सभी पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
एक तरफ पुलिस अपराधियों और अपराध पर अंकुश लगाने की बात कहती है, तो वहीं दूसरी तरफ पुलिसकर्मी कुख्यात अपराधी के साथ खाना-पीना करते और सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। उस सेल्फी में पटना के जक्कनपुर थाना के पदाधिकारी समेत कई पुलिसकर्मी हैं। तस्वीर में स्पष्ट दिख रहा है कि जक्कनपुर थाना अंतर्गत विग्रहपुर इलाके का रहने वाला डिसूजा यादव उर्फ ऋषिकेश अपराधी सह शराब माफिया, जिसके ऊपर जक्कनपुर थाना में भी मामला दर्ज है, पार्टी का मजा ले रहा है। इस तस्वीर में जक्कनपुर थाना के एडिशनल थाना प्रभारी चंदन कुमार, एसआई रंजन चौधरी, एसआई विकाश कुमार, एक एसआई के साथ तीन सिपाही सहित निजी चालक विक्रांत कुमार भी पार्टी में शामिल हैं।
शराब माफिया है डिसूजा उर्फ ऋषिकेश
जक्कनपुर थाना के सभी पुलिस कर्मी एक रिसेप्शन पार्टी के दौरान नंदलाल छपरा इलाके में स्थित कम्युनिटी हॉल गए थे। इसी दौरान डिसूजा जो कि हाफ मर्डर, ऑनलाइन सट्टेबाजी, शराब विक्रेता, बुकी आईडी सहित कई मामलों में आरोपी है। इसके ऊपर जक्कनपुर थाना, रामकृष्णा नगर थाना सहित कई थानों में कई मामले दर्ज हैं। डिसूजा उर्फ ऋषिकेश के बुलाने पर सभी पुलिस पदाधिकारी पार्टी में शामिल हुए। सभी लोग मिलकर पार्टी का मजा लिए। इतना ही नहीं सेल्फी भी लिया गया, जिसमें पुलिस वाले मजे से फोटो खिंचवाये।
पदाधिकारी के पास नहीं है जवाब, कह रहे वीडियो की जांच होगी
सदर एएसपी अभिनव कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है, वीडियो की जांच कर जो भी दोषी होंगे उसके ऊपर विधिवत कार्रवाई की जाएगी। जक्कनपुर थाना प्रभारी ऋतुराज सिंह ने कहा कि डिसूजा उर्फ ऋषिकेश के नाम पर जक्कनपुर थाना में मामला दर्ज है। अब सवाल यह उठता कि आखिर डिसूजा के साथ जक्कनपुर थाने की पुलिस क्या कर रही थी? इससे भी ज्यादा आश्चर्य की बात यह है कि इस तस्वीर को देखकर देखना सदर एएसपी अभिनव कुमार वीडियो की जांच और फिर कार्रवाई की बात कह रहे हैं।