Bihar Election 2025 : बिहार विधान सभा चुनाव होने में फिलहाल समय है। इससे पहले चुनाव आयोग बिहार में विशेष सघन मतदाता सूची पुनरीक्षण करने वाली है। इसको लेकर पूर्णिया सांसद ने विरोध जताते हुए आपत्तिजनक पोस्ट किया है। अब यह पोस्ट वायरल है।
चुनाव आयोग के विशेष सघन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का पप्पू यादव ने विरोध जताया है। इसको लेकर पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट किया है, जो अब वायरल हो रहा है। पप्पू यादव ने लिखा है कि 'बिहार के आम लोगों, युवाओं, दलित, अति पिछड़े सभी समाज के लोगों से निवेदन है अपने गांव में बीएलओ और किसी चुनाव कर्मी को घुसने न दें। कोई जबरदस्ती आ जाय तो चाय पानी करा विदा कर दें, लेकिन कोई कागजात या, कोई डिटेल न दें। देखते हैं यह कैसे मतदाता पुनरीक्षण की नौटंकी करते हैं! सविनय अवज्ञा, पूर्ण बहिष्कार!
पप्पू यादव ने आगे लिखा है कि 'अगर चुनाव आयोग अपना वोटर पुनरीक्षण की नौटंकी बंद नहीं किया तो उसके ख़िलाफ़ हम महायुद्ध छेड़ेंगे! हम चुप नहीं रहेंगे! चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था है, पर जनता सर्वोपरि है। चुनाव आयोग जनता की सेवा के लिए है, लोकतंत्र की रक्षा के लिए है। पर रक्षक ही भक्षक बन जाएगी तो उसका उपचार जनता के द्वारा हमलोग करेंगे।'