पटना में गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में गुरुवार को युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पर जख्म के गहरे निशान थे। लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल को शाहपुर गांव में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
एफएसएल की मदद से जांच में जुटी पुलिस
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-02) पटना रंजन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम और श्वान दस्ता को भी बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है। मृतक की पहचान शाहपुर निवासी पिंटु कुमार के रूप में हुई है। वह दुकान चलाता थ।
दुकान बंद घर आ रहा था पिंटू
परिजनों के अनुसार, पिंटू ठाकुर रोज की तरह गुरुवार रात करीब साढ़े बजे अपनी दुकान बंद कर घर के लिए निकला था, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं पहुंचे। देर रात तक जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, मगर सफलता नहीं मिली। मृतक के भाई नीतीश कुमार ने बताया कि रात भर तलाश करने के बावजूद पिंटू का कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे उनका शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। नीतीश का कहना है कि पिंटू ठाकुर की हत्या की गई है। हालांकि, घटना के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस से अपील है कि वह इस मामले को गंभीरता से ले और हत्यारों की गिरफ्तारी करे।