सारण की छात्रा का प्रोफाइल।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
बारूण के ईटहट में भी डूबने से दो सगी बहनों समेत चार की मौत
बारूण प्रखंड के ईटहट में माताओं के साथ पोखर में जिउतियां का स्नान करने गई दो-दो सगी बहनों की मौत डूबने से मौत हो गई। हालांकि स्थानीय लोगों ने डूबती हुई एक एक बच्ची को बचा लिया। फिलहाल उसका इलाज किया जा रहा है। मृतकों में ईटहट निवासी संतन सिंह की पुत्री अंकु कुमारी (15), निशा कुमारी (12), गुड्डू सिंह की पुत्री चुलबुल कुमारी (13) और निरंजन सिंह की पुत्री लाजो कुमारी (15) शामिल है। वहीं गांव के ही धीरेंद्र सिंह की पुत्री राशि कुमारी (18) का ईलाज अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है।
सारण में डूबने से पांच बच्चों की मौत
सारण में जितिया पर्व के दौरान अपनी मां या अन्य परिजनों के साथ स्नान करने गए पांच बच्चों की डूबने से मौत हो गई है। यह घटनाएं अलग-अलग थाना क्षेत्रों की है। मढ़ौरा थाना क्षेत्र के ओल्हनपुर और टेहटी गांव में दो बच्चों की नदी के पानी में डुबकर मौत हो गई। दोनों बच्चें जितिया पर्व पर नदी में नहाने गए हुए थे। इसी दौरान नहाने के क्रम में नदी में पैर फिसल जाने से गहरे पानी में चले गए। शोर मचाने के बाद जब तक स्थानीय ग्रामीण जमा होते और उन्हें पानी से बाहर निकालते तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान ओल्हनपुर गांव निवासी जगलाल राय का पुत्र रिक्की कुमार (14) और टेहटी गांव निवासी राजनाथ राय की पुत्री आरती कुमारी (7) के रूप में पहचान हुई हैं। तरैया थाना क्षेत्र के माधोपुर बड़ा गांव स्थित तलाब में स्नान करने गई 14 वर्षीय छात्रा की डूबने से मौत हो गई है। मृतिका उक्त गांव निवासी शुभ नारायण यादव की पुत्री प्रिया कुमारी (14) थी। वहीं मांझी थाना क्षेत्र के सबदरा गांव में जिउतिया स्नान करने मां के साथ गई एक किशोरी की सोंधी नदी में डूबने से मौत हो गई है। मृतका राधेश्याम साह की पुत्री शोभा कुमारी (12) थी। वहीं दाउदपुर थाना क्षेत्र के दुमदुमा गांव निवासी श्रवण प्रसाद सोनी एवं उनकी पत्नी गुलाबो देवी जिउतिया को लेकर भरवलिया तालाब में नहाने गए थे। उनके पीछे- पीछे 13 वर्षीय गोलू कुमार भी चला गया था। गुलाबो देवी महिलाओं की झुंड में नहा रही थी। जबकि पति श्रवण प्रसाद कुछ दूर नहा रहे थे। तभी घाट पर खड़ा गोलू का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिरकर डूबने लगा। उसे डूबता देख पति- पत्नी भी उसे बचाने के क्रम में डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने दोनों पति-पत्नी को किसी तरह बचा लिया, लेकिन गोलू को बचाया नहीं जा सका। उसकी डूबने से मौत हो गई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
मुख्यमंत्री ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की, आश्रितों को चार-चार लाख रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने औरंगाबाद जिला अन्तर्गत मदनपुर प्रखण्ड के कुशहा गांव में चार बच्चों तथा बारूण प्रखण्ड के इटहट गांव में तीन बच्चों की नहाने के दौरान डूबने से हुई मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्घटना काफी दुःखद है और वे इस घटना से मर्माहत हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रूपये की अनुग्रह राशि अविलम्ब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
घटनास्थल पर जुटे आसपास के लोग
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
कैमूर में पांच लोगों की हुई मौत
कैमूर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जितिया पर्व पर स्नान के दौरान नदी एवं तालाब में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। पहली घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत अभैदे पोखर की है। मृतक विनोद सिंह का पुत्र सुमित उर्फ बुद्ध था। वहीं दूसरी घटना दुर्गावती थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव की है, जहां तालाब में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर गांव निवासी अरविंद गुप्ता के पुत्र अनमोल गुप्ता (8) के रूप में की गई है। तीसरी घटना मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दादर की है, जहां तालाब में डूबने से दादर गांव निवासी चंद्रकांत गुप्ता के पुत्र आनंद कुमार की मौत हो गई। चौथी घटना भभुआ प्रखंड अंतर्गत रूपपुर की है, जहां दुर्गावती नदी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान हरिहरपुर गांव निवासी देवनारायण सिंह के पुत्र सत्यम कुमार और रूपपुर गांव निवासी भागीरथी सिंह के पुत्र किशन कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने सभी के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
रोहतास में एक बच्चा तेज धार में बहा
रोहतास जिले के डिहरी पाली पुल के समीप सोन नदी में स्नान करने के दौरान एक 13 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान डालमियानगर के वार्ड संख्या-10 कुली मोहल्ला निवासी सहदेव गिरी का पुत्र पवन गिरी के रूप में की गई है। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि जितिया पर्व पर महिलाएं सोन नदी में स्नान और पूजा अर्चना करने गई थी। इस दौरान पवन गिरी भी स्नान करने गया था। स्नान करने के दौरान पानी के तेज बहाव में तीन बच्चे डूबने लगे उन्हें डूबते देख लोग चिल्लाने लगे। इसके बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने दो बच्चों को सुरक्षित सोन नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन पवन गिरी पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस- प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर पानी के तेज बहाव में बहे बच्चे की तलाश कर रही है।
मोतिहारी में मां बेटी सहित दो अन्य बच्चों की डूबने से हुई मौत
मोतिहारी के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बृन्दावन परसौनी में मां और बेटी सहित दो अन्य बच्चों की डूबने से मौत हो गई। पहली घटना में मां और बेटी दोनों की एक साथ मौत हो गई। इनकी पहचान रंजिता देवी (32) और उसकी बेटी राजनंदिनी कुमारी (12) के रूप में हुई है। वहीं दूसरी घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान बलुआ वार्ड संख्या (9) निवासी उपेंद्र राय के पुत्र शैलेश कुमार (10) और संजय यादव की पुत्री अंशुप्रिया (8) वर्षीय के रूप में की गई है।