मुजफ्फरपुर में जहरीली शराब से मौत मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवचंद्र पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित धर्मेंद्र के फर्द बयान के आधार पर काजी मोहम्मदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें शिवचंद्र पासवान को मुख्य अभियुक्त बनाया गया है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
देशी शराब पीने से तीन लोगों ने गंवाई आँख की रौशनी
जहरीली शराब पीने के कारण पप्पू राम और उमेश साह की मौत हो गई, जबकि तीन लोगों के आंखों की रौशनी चली गई। फिलहाल पीड़ितों का इलाज एसकेएमसीएच अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। शराब कारोबारियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। फिलहाल इलाके के सभी शराब कारोबारी फरार है।
बर्फ फैक्ट्री बना देसी शराब का अड्डा
महिलाओं ने पुलिस को बताया कि सदर थाना अंतर्गत पोखरिया पीर स्थित एक बर्फ फैक्ट्री में देसी शराब तैयार किया जाता है। वहीं से स्थानीय धंधेबाज शराब के पाउच को 15 से 25 रुपये में खरीदते है। बर्फ फैक्ट्री की आड़ में यह धंधा काफी फलफूल रहा है। इसी फैक्ट्री से बने देशी शराब पीने से उमेश साह और पप्पू राम की मौत हुई और राजू के साथ धर्मेंद्र भी अंधा हो गया। उमेश और पप्पू एक साथ और फिर राजू और धर्मेंद्र एक साथ बैठकर जहरीली शराब पिया करते थे।
पुलिस कर रही कार्रवाई
इस संबंध में मुजफ्फरपुर के एएसपी टाउन अवधेश दीक्षित ने बताया कि धर्मेंद्र के फर्दबायन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसके बाद मुख्य अभियुक्त शिवचंद्र पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शिवचंद्र पासवान ने स्वीकार किया है कि वो पहले से ताड़ी और शराब का कारोबार करता है। पुराने चार्जशीट अभियुक्तों के खिलाफ भी कार्यवाई की जा रही है। उन सभी को भी गिरफ्तार किया जाएगा।