बिहार में शराबबंदी है, इस बीच गृहरक्षक का एक जवान नशे की हालत में ड्यूटी करते हुए पाया गया। किसी ने उसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जवान को जेल भेज दिया। घटना महुआ थानान्तर्गत अंचल कार्यालय की है। आरोपी जवान की पहचान गृहरक्षक अमित कुमार के रूप में की गई है, जो महुआ अंचल कार्यालय में पदस्याथापित था।
वर्दी के रौब में करता था लोगों से मारपीट
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि होमगार्ड का जवान अमित कुमार अक्सर शराब की नशे में धुत रहता है और लोगों के साथ उटपटांग हरकतें करते रहता है। वर्दी के रौब में अमित किसी के साथ भी मारपीट करते रहता था। अमित कुमार वीडियो में कहता दिखा कि आप लोग मुझे बेइज्जत कर दिए हैं, मेरी नौकरी लेकर ही मानिएगा। इस संबंध में पुलिस अधिकारी का कहना है कि शराबी गृहरक्षक अमित कुमार महुआ अंचल कार्यालय में नशे की हालत देखा गया था। वही कुछ लोगों द्वारा शराबी होमगार्ड जवान के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था। वह वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। इससे वैशाली पुलिस की काफी किरकिरी होने लगी। इसके बाद एसपी ने कार्रवाई करते हुए शराबी होमगार्ड जवान अमित कुमार को गिरफ्तार करने का आदेश दिया। अमित कुमार की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई।
एसपी ने की कार्रवाई
इस संबंध में वैशाली पुलिस अधिक्षक हरकिशोर राय ने बताया कि बीते 10 दिसंबर को महुआ थाना को सूचना प्राप्त हुई कि अंचल कार्यालय में तैनात होमगार्ड जवान नशे में धुत है। सूचना प्राप्त होते ही महुआ थाना पुलिस द्वारा उक्त गृहरक्षक को पकड़कर थाने पर लाकर उसे ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच कराई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। उपरोक्त मामले में महुआ थाना में कांड दर्ज कर उक्त गृहरक्षक अमित कुमार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।