मुंगेर पहुंचे जीतनराम मांझी
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
जमालपुर के रामपुर में बुधवार को हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा सेक्युलर की जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतनराम मांझी और राष्ट्रीय अध्यक्ष सह कैबिनेट मंत्री संतोष कुमार सुमन मांझी भी शामिल हुए। इस मौके पर जीतनराम मांझी ने कहा कि बिहार में मुसहर और भुईया समाज की आबादी को देखते हुए उनकी राजनीतिक ताकत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि एनडीए ने झारखंड और दिल्ली चुनाव में हमारी पार्टी को एक भी सीट नहीं दी गई। अगर दो तीन सीटें भी मिलती तो हमारी पार्टी बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी। बिहार में हमारी पार्टी का शानदार प्रदर्शन रहा है।
लगता है कि कैबिनेट हमें छोड़ना पड़ेगा
जीतन राम मांझी ने कहा कि भीड़ हमारे साथ आ रही है। जनमानस हमारा है। वोटर हमें वोट दे रहे हैं तो हमको सीटें क्यों नहीं मिले? यह प्रश्न हमारा है। क्या हम नहीं मांग सकते हैं। जो मेरा वजूद है, उसके आधार पर हमें सीट दो। हम जनता के फायदा के लिए सीट मांग रहे हैं। हम फरियाना नहीं चाहते हैं। बात आगे बढ़ती है तो लगता है कि कैबिनेट हमको छोड़ना पड़ेगा। हम हमेशा अपने समाज और गरीबों के लिए आवाज उठाते रहे हैं।
अगर सीट ज्यादा मिला तो पेंशनधारकों का बढ़ेगा पेंशन
जीतनराम मांझी ने कहा कि हमारे कर्त्याकर्ता तो 40 सीटों की मांग कर रहे हैं, लेकिन मैं कहता हूं कि कम से कम हमको 20 सीट जरुर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर पूरी हुई तो सभी पेंशनधारकों का पेंशन दो हजार और पढ़े-लिखे डिग्री धारी बेरोजगारों को 5 हजार नियोजित भत्ता भी दिलवाया जाएगा।
संतोष कुमार सुमन मांझी ने कुछ और ही कहा
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन मांझी ने कहा कि यह पार्टी के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। जीतनराम मांझी के द्वारा दिए गये बयान के संबंध में पूछने पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। झारखण्ड या फिर दिल्ली के लिए सीट की मांग हमलोगों ने किया ही नहीं था। उन्होंने कहा कि हमलोग एनडीए के साथ पूरी मजबूती के साथ हैं और उनकी पार्टी 2025 के विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत के साथ उतरेगी।
नेता प्रतिपक्ष पर साधा निशाना
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए मांझी ने कहा कि जब तेजस्वी यादव और उनके माता-पिता सत्ता में थे, तब न तो उन्हें मां याद आई, न बहन। उस समय वे सिर्फ मलाई काटने में लगे हुए थे। अब बिहार की महिलाओं को बरगलाने का काम कर रहे हैं, उसे जनता अच्छी तरह समझती है। मांझी ने जोर देकर कहा कि बिहार की जनता तेजस्वी यादव के झूठे वादों और जाल में फंसने वाली नहीं है।