मधुबनी में सिलीगुड़ी से गया जा रही तेज रफ्तार से बस अनियंत्रित होकर NH 57 से 20 फीट नीचे गड्ढे में गिरी है। बस गिरते ही कोहराम मच गया।घटना में गुजरात निवासी एक शख्स की मौत हो गई है। बस में सवार करीब 35 व्यक्ति घायल हो गए। इसमें से चार की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया है। घटना फुलपरास थाना क्षेत्र के एनएच 57 पर किसनी पट्टी के समीप की है।
सिलीगुड़ी से गुजरात जा रहा था
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया है। जबकि घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल फुलपरास में भर्ती कराया। मृतक की पहचान गुजरात निवासी हनसा बेन (59) के रूप में हुई है। घायल अभिषेक रंगा को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। उसकी पहचान बरोदा के रेखा साध्वी विपुल, गिरी निलावे, अमित भाई अरविंद मीणा, अमित कुमार पटेल, दीक्षा पटेल के रूप में हुई है।
25 अप्रैल को बड़ोदरा से निकली थी बस
बस 25 अप्रैल को तीर्थयात्रियों को लेकर गुजरात राज्य के बड़ोदरा जिले से उड़ीसा के जगन्नाथ पुरी, कोलकाता गंगासागर होते हुए शनिवार देर शाम सिलीगुड़ी पहुची थी। आज सिल्लिगुड़ी से बस बिहार के गया जिले के लिए निकली थी। इसी दौरान NH 57 पर पावर ग्रिड के पास सड़क से लगभग 20 फीट नीचे जाकर गिर गई। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों को फोन पर सूचना दे दी गई है। घायलों का इलाज करवाया जा रहा है। कुछ लोगों से जानकारी ली जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।