पटना में एक पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना मनेर थाना क्षेत्र के हुलासी टोला गांव की है। घटना के बाद पति पत्नी के शव को घर में छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना मनेर थाने को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम के माध्यम से मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मृतक पत्नी की पहचान सोमानिया देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना के बाद महिला के परिवार वाले लोगों के बीच मातमी सन्नाटा पसर गया। पुलिस ने मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पति अक्सर करता था मारपीट
महिला के परिवार वालों ने बताया कि आए दिन उनके पति के द्वारा बराबर लड़ाई झगड़ा एवं मारपीट किया जाता था। परिवार वाले लोगों काआरोप है कि महिला के पति के द्वारा हत्या करके उसके शव को ठिकाना लगाने का प्रयास किया जा रहा था। इस बीच उन्हें घटना की जानकारी मिल गई। सूचना मिलते ही वेलोग घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक ससुराल वाले सभी घर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का है इंतजार
मनेर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि हुलासी टोला गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि महिला का शव पड़ा हुआ है और घर पर कोई नहीं है। ससुराल के अन्य लोगों के साथ-साथ आरोपी पति भी फरार है। हालांकि प्रथम दृष्टि महिला के गला दबाकर हत्या का मामला सामने आ रहा है। घटना का कारण पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। अभी तक मृतक महिला के परिजनों की तरफ से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन प्राप्त होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस कार्रवाई करेगी।