नशे की हालत में गिरफ्तार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
मुजफ्फरपुर में शराब के नशे में चूर सदर अस्पताल में पदस्थापित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को उत्पाद विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी सदर अस्पताल से ही की गई है, जब वह शराब के नशे में ड्यूटी कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किये गये अधिकारी सदर अस्पताल में पदस्थापित निगरानी मूल्यांकन पदाधिकारी राजेश कुमार झा हैं, जो पूर्व में भी शराब पीकर ड्यूटी करने के मामले में जेल जा चुके हैं।
ड्यूटी के दौरान अधिकारी हुए गिरफ्तार
इस संबंध में उत्पाद विभाग के उपायुक्त विजय शेखर दुबे ने बताया कि सदर अस्पताल में एक पदाधिकारी शराब पीकर ड्यूटी कर रहे थे। किसी ने इस बात की सूचना मोबाइल पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस को अस्पताल भेजा गया और सदर अस्पताल में पदस्थापित निगरानी मूल्यांकन पदाधिकारी राजेश कुमार झा को हिरासत में ले लिया गया। फिर उनका वहीं एक्साइज टीम ने ब्रेथ एनालाइजर से उनकी जांच की, जिसमें उनके शराब पीने की पुष्टि हो गई।
पूर्व में भी शराब पीकर ड्यूटी करने के आरोप में जा चुके हैं जेल
वहीं एसडीएम पूर्वी अमित कुमार ने बताया की शराब पीने और फिर पीकर सरकार की ड्यूटी करने के मामले में मूल्यांकन सह निगरानी पदाधिकारी को मौके से पकड़ा गया है। उनके पास से शराब पीने की पुष्टि हुई है,शराब पीकर वह ड्यूटी कर रहे थे। उत्पाद विभाग ने पकड़ा है मामले में आगे की करवाई किया जा रहा। पकड़े गए मूल्यांकन सह निगरानी पदाधिकारी राजेश कुमार झा पूर्व में भी शराब पीने के मामले में जेल जा चुके हैं।उनके ऊपर में शराब पीकर ड्यूटी करने और फिर काम ठीक से नही करने का आरोप है। एसडीएम पूर्वी अमित कुमार का कहना है कि फिलहाल आगे की कार्रवाई भी की जा रही है। साथ-साथ इस बात की भी जांच की जा रही है कि इतनी आसानी से इन्हें शराब कहाँ से मिल जाता है, ताकि शराब कारोबारियों पर लगाम लगाईं जा सके।