Bihar : मोहल्ले में अचानक अफरातफरी का माहौल हो गया। कुछ ही देर में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गयी। पुलिस शव को अस्पताल भेजने लगी। तब पता चला कि नाबालिग छात्रा ने आत्महत्या कर ली है, जिसके पिता बम कांड में जेल में बंद है।
भागलपुर में दसवीं की छात्रा ने अपने घर में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना तातारपुर थाना क्षेत्र के काजीवली चक मोहल्ले की है। मृतका की पहचान अशोक कुमार उर्फ गुड्डू की पुत्री साक्षी कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही ततारपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
साक्षी के पिता जेल मे है बंद
स्थानीय लोगों का कहना है कि साक्षी के पिता अशोक कुमार उर्फ गुड्डू इस समय बमकांड मामले में जेल में बंद हैं। इधर बेटी ने अचानक आत्महत्या कर ली। फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना से लोग हतप्रभ हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह सामने आ सके। मोहल्ला के लोगों का कहना है कि साक्षी पढ़ाई में बहुत ही होनहार थी। उसने हाल ही में नवमी कक्षा उत्तीर्ण कर दसवीं कक्षा में नामांकन लिया था। इस घटना को लेकर आसपास के लोगों का कहना है कि साक्षी के घर में कोई परेशानी वाली बात नहीं थी। ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वजह स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर तरह से जांच में कर रही है।