पटना में बेख़ौफ़ अपराधियों ने एक गैस वेंडर की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली चलते ही वहां अफरातफरी का माहौल हो गया। आननफानन में स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान नालंदा निवासी रंजीत कुमार (40) के रूप में की गई है। घटना कंकड़बाग थाना क्षेत्र का है। घटना की सूचना मिलते ही कंकडबाग की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई।
दो अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
घटना के संबंध में गैस वेंडर के चालक राहुल ने बताया कि गुरुवार को वेंडर रणजीत राम के साथ अपने ठेला पर गैस लादकर अशोक नगर में गैस देने जा रहे थे। तभी बाइक पर सवार दो अपराधी वहां आये और रंजीत पर गोली चला दी। गोली रंजीत के सर में लगी। गोली लगते ही वह वहीं जमीन पर गिर पड़ा। इस बीच मोटरसाइकिल सवार वहां से तेजी से भाग निकला। राहुल ने जब पीछे मुड़कर देखा तो रंजीत बीच सड़क पर गिरकर छटपटा रहा था। राहुल ने बताया कि जब वह रंजीत के नजदीक पहुंचा, तो उसके सर से खून बह रहा था। तभी आसपास के लोग वहां पहुंचे। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना कंकड़बाग थाने को दी। सूचना मिलते ही कंकड़बाग थाने की पुलिस और सदर एएसपी स्वीटी शेरावत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना के संबंध में कंकड़बाग थाना प्रभारी का कहना है कि गैस सिलेंडर रंजीत कुमार को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी है। रंजीत कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद घटनास्थल पर परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। परिजन अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि गोली मारने का क्या कारण है यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटनास्थल के आसपास का सीसीटीवी खंगाला जा रहा है। बहुत जल्द अपराधियों को पकड़ लिया जायेगा।