रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम स्थित कंपनी सराय मुहल्ले में गुरुवार सुबह एक 18 साल के इंजीनियरिंग छात्र का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। शव मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
इधर, सूचना पाते ही मौके पर पहुंची नगर थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए स्थानीय सदर अस्पताल में भेज दिया। नगर थाना अध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया, मृतक की पहचान पेट्रोल पंप व्यवसायी सुनिल कुमार सिंह के 18 साल के बेटे विवेक कुमार के रूप में हुई है। वह मध्यप्रदेश के भोपाल में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करता था। लेकिन वह 15 दिनों से पहले अपने घर आया हुआ था। हालांकि, फंदे से लटके युवक के पास कोई सुसाइड नोट पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में मामले की जांच चल रही है।
वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार जब परिजन कमरे के दरवाजे को काफी देर बंद पाए तो दरवाजा खटखटाने लगे। लेकिन अंदर से न कोई जवाब मिला और न ही कुंडी खुली। तब जाकर पुलिस को सूचना दी गई और दरवाजे को तोड़कर फंदे से लटके शव को बाहर निकाला गया। इस दौरान घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ भी इकट्ठा हो गई और दबी जुबान में लोग तरह-तरह की बातें करने लगे।
वहीं, इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना को लेकर जब परिजनों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि विवेक पढ़ने में काफी मेधावी छात्र था। उसका स्वभाव भी काफी मिलनसार था। लेकिन वह पिछले कुछ दिनों से गुमसुम रह रहा था, जिसके बारे में परिजनों को कोई जानकारी नहीं थी। बताते चलें कि व्यवसायी सुनील कुमार सिंह के दो बेटों में विवेक छोटा था। जो अपने बड़े भाई की तरह ही इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर सफल इंजीनियर बनने का ख्वाब संजोए था। लेकिन इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।