गया में बुधवार की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस घटना में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि एक अन्य को पुलिस ने खदेड़कर दबोच लिया। घायल अपराधी की पहचान गुरुआ थाना क्षेत्र के सकल बीघा निवासी धर्मेंद्र पासवान के रूप में हुई। उसे मगध मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दूसरे पकड़े गए बदमाश की पहचान को लेकर पुलिस ने कोई खुलासा नहीं किया है। घटना डोभी थाना क्षेत्र की है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की थी घेराबंदी
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा मोड़ के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए जुटे हैं। टेक्निकल सेल की रिपोर्ट पर एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। डोभी और बहेरा पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी की, अपराधी भागने लगे। अपराधियों को भागते देख पुलिस ने उनको रुकने का आदेश दिया, लेकिन अपराधी लगातार भागते रहे। पुलिस ने भी तुरंत उनका पीछा किया।
पुलिस पर चलाई गोली
पुलिस ने बताया कि पीछा करने पर अपराधी भारत गैस एजेंसी रोड की ओर भागे लगे। इस दौरान उन अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। फिर एक अन्य अपराधी को पुलिस ने खदेड़कर दबोच लिया। घायल अपराधी की पहचान गुरुआ थाना क्षेत्र के सकल बीघा निवासी धर्मेंद्र पासवान के रूप में हुई। उसे मगध मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दूसरे पकड़े गए बदमाश की पहचान को लेकर पुलिस ने कोई खुलासा नहीं किया है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी, सिटी एसपी और शेरघाटी डीएसपी मौके पर पहुंचे। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है। पुलिस इस गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही है।