Bihar : शादी के महज नौ महीने हुए थे, अब उसके मौत की खबर आई। ससुराल वालों ने शव को भी जला दिया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
औरंगाबाद में शादी के 9 माह बाद ही ससुराल में नव विवाहिता की पीट-पीट कर हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के लिए आनन-फानन में शव को भी जला दिया। घटना रफीगंज थाना के पोगर गांव की है। मृतका की पहचान पोगर गांव निवासी सुरदीप चौधरी की पत्नी रेखा कुमारी (20) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के देवर को गिरफ्तार कर लिया।
पिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी
मामले को लेकर मृतका के पिता रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के खैरा भूधर निवासी संतोष पासी ने रफीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना में दिए गये आवेदन में उन्होंने उल्लेख किया है कि उनकी पुत्री रेखा कुमारी की शादी रफीगंज थाना क्षेत्र के पोगर गांव निवासी विजय चौधरी के पुत्र सुरदीप चौधरी के साथ 7 जुलाई 2024 को हिंदू रीति रिवाज से हुई थी। शादी के समय दहेज में एक बाइक और एक लाख नगदी दी गई थी।
विज्ञापन
शादी के एक माह बाद किया जाने लगा प्रताड़ित
मृतका के पिता संतोष पासी का कहना है कि शादी के बाद एक महीने तक सब कुछ ठीक-ठाक रहा। इसके बाद मेरी पुत्री को ससुराल पक्ष के लोग मारपीट करने लगे। जब मैंने पूछताछ की तो पुत्री ने कहा कि पति मुझे नहीं मानता है। हमेशा गाली-गलौज करता है। पैसे के लिए मारपीट करता है। हमलोगों ने कई बार बेटी-दामाद को समझा बुझाकर साथ रहने को कहा।
भैसुर ने कॉल कर दी बेटी की मौत की जानकारी
इसी बीच 23 मार्च को सुबह कॉल कर पुत्री ने बताया कि ससुराल पक्ष के सभी लोग मिलकर मारपीट कर रहे हैं। कुछ ही देर बाद उसके भैसुर ने फ़ोन कर बताया कि आपकी पुत्री की मौत हो गई है। जब अपने परिवार के साथ पोगर गांव आए तो घर में कोई नहीं था। मेरी बेटी भी नहीं थी। लोगों ने कहा कि मेरी पुत्री की हत्या कर दी गई है। पति सुरदीप चौधरी, प्रदीप चौधरी, सास शनिचरी देवी, श्रवण चौधरी, संजय चौधरी, विजय चौधरी ने मिलकर मेरी पुत्री की हत्या कर लाश को गायब कर दिया और साक्ष्य को छुपाने के लिए जला दिया है। सभी आरोपी घर से फरार हैं।
प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि विवाहिता की हत्या कर जला दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ वह पोगर गांव पहुंचे, जहां से मृतका के देवर श्रवण कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वहीं आवेदन के नामजद आरोपी फरार हैं। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।