नालंदा में 11 मार्च को एक युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई थी। शव मिलने के बाद परिजनों ने आनन-फ़ानन में शव को दफना दिया था। मृतक नगर थाना क्षेत्र के थवई मोहल्ला निवासी बबलू खान का पुत्र सन्नी खान (32) था। परिवार वालों ने पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया, जिसके बाद दफन शव को अनुमंडल पदाधिकारी बिहार शरीफ के निर्देश पर गुरुवार को कब्र से खोद कर बाहर निकाला गया।
इस खबर को भी पढ़िए -
Bihar News : मनरेगा कार्यालय परिसर में दनादन फायरिंग; आवास सहायक पर हमला, जान बची
इस वजह से कब्र से निकाली गई लाश
सन्नी खान के मामा का कहना है कि उसकी पत्नी का अफेयर पिछले एक साल से मोहल्ले के ही एक युवक से चल रहा था। 11 मार्च की अहले सुबह प्रेमी को बुलाकर सन्नी खान की पत्नी हेना प्रवीण ने उसकी हत्या कर दी। परिजनों का आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ साजिश कर के सन्नी खान की हत्या कर दी और इसे खुदकुशी बता रही है। परिजनों का कहना है कि उसका शव फर्श पर पड़ा हुआ था। उसके बाद आनन-फ़ानन में बड़ी दरगाह स्थित कब्रिस्तान में सन्नी के शव को दफन कर दिया गया।
मां को इस बात की हुई आशंका
परिजनों का कहना है कि उन्हें इस बात की आशंका थी कि सन्नी की मौत हार्ट अटैक से हुई है। इसलिए उन लोगों ने मिट्टी मंजिल कर दिया। परंतु बाद में इनलोगों को पता चला कि मृतक की पत्नी का किसी और मर्द के साथ संबंध है, जिस कारण सन्नी की हत्या की गई। जानकारी मिलने के बाद मृतक की मां ने पुत्र की हत्या की आशंका होने पर शव का पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया।
पांच साल पहले हुई थी शादी
5 साल पूर्व सन्नी खान की शादी थवई मोहल्ला निवासी हेना प्रवीण से हुई थी। इस बीच दोनों से दो बच्चे भी हुए। विगत एक साल से हेना प्रवीण की मोहल्ले के ही एक व्यक्ति से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सन्नी खान अपनी पत्नी के साथ घर में अकेले रहता था। सन्नी राजमिस्त्री का काम करता था। इधर हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए सन्नी के परिवार वालों ने बिहार थाना में पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का आवेदन देते हुए दफन शव का पोस्टमार्टम कराने की गुजारिश की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का है इंतजार
अनुमंडल पदाधिकारी बिहार शरीफ के निर्देश के बाद नगर थाना पुलिस की मौजूदगी में सन्नी के शव को कब्र से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम हेतु बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया। नगर थाना अध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतका की पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है।