घटना के संबंध में किराना दुकानदार चुटकुला प्रसाद ने बताया कि बीती देर रात वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उनके थैले में दिन भर की कमाई थी। जैसे ही वह बसंतपुर स्थित स्टेट बैंक के पास पहुँचे, तभी दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उनका पीछा कर थैला लूटने की कोशिश की। जब दुकानदार ने लूट का विरोध किया और शोर सुनकर आसपास के लोग जमा होने लगे, तो अपराधियों ने उनके पैर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar News : बिहार में आर्थिक अपराध इकाई की धमक, राजधानी समेत छह टीम तीन जिलों में कर रही छापेमारी
इस घटना के विरोध में गुरुवार सुबह से ही बसंतपुर बाजार में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सीवान-पटना-छपरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और सड़क पर आगजनी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं और अपराधियों की 72 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है।
वहीं बाजार के सभी दुकानदारों ने एकजुट होकर अपनी दुकानें बंद रखी हैं। व्यापारियों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इलाके में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से निष्क्रिय बना हुआ है। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों को शांत कराने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल बसंतपुर बाजार में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। लोगों में भय और असुरक्षा की भावना व्याप्त है, और वे जल्द से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।