Murder Case : एक युवक को रात के अंधेरे में बाइक सवार लोगों ने खदेड़कर गोलियों से भून डाला। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा भी बरामद किये। अब यह भी कह रही है कि मामला गैंगवार का है। अब मामले का खुलासा जांच के बाद हो पायेगा।
बिहार के आरा में सकडडी-नासरीगंज स्टेट हाइवे पर कुल्हड़िया फ्लाई ओवरब्रिज पर रविवार की शाम हथियारबंद अपराधियो ने बाइक सवार युवक को गोली मार हत्या कर दी। गोली पैर और गर्दन में लगी है। इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोईलवर से पटना ले जाने के क्रम में उसने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया है। मृतक की पहचान पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी निवासी राम अयोध्या राय के पुत्र धर्मेन्द्र कुमार (28) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही चांदी थानाध्यक्ष राकेश रौशन दलबल के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल के पास जाम में खड़े ट्रक वालो से वस्तुस्थिति की जानकारी ली। दूसरी तरफ कोइलवर सीएचसी में पहुंचे कोईलवर थानाध्यक्ष नरोतम चन्द्र ने जख्मी का बयान लिया। युवक के रेफर होने के बाद कोइलवर और चांदी थानाध्यक्ष ने घटनास्थल पर पहुंचे और जांच में जुट गये। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से तीन खोखा बरामद हुआ है।
विज्ञापन
गैंगवार में हुई युवक की हत्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोली लगने वाले युवक का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है और वह अपने नानी के घर सकड्डी मे रहता था। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राज घटनास्थल पर पहुंचे और थानाध्यक्ष को जांच के आदेश दिए। एसपी ने बताया कि रविवार की संध्या कोईलवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए, त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर–2 के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस का भी कहना है कि मृतक का भी आपराधिक इतिहास रहा है। मृतक पर कितने मामले दर्ज हैं, इसकी जानकारी इकट्ठा की जा रही है। पुलिस को संदेह है कि गैंगवार में युवक की हत्या हुई है।