केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ सीएम नीतीश कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बीच दूरियां कम होने लगी है। यह बात पूरी तरह स्पष्ट तब हुई जब सीएम नीतीश कुमार लोजपा कार्यालय पहुंचे। चिराग पासवान की पार्टी का 25वां स्थापना दिवस था। इसको लेकर पार्टी के नए कार्यालय में समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें ही शामिल होने सीएम नीतीश कुमार गुरुवार शाम पहुंचे। सीएम को देखते ही चिराग ने पैर छूकर उनसे आशीष लिया और गर्म जोशी से स्वागत किया। सीएम नीतीश कुमार ने दिवंगत रामविलास पासवान के तैल्य चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किए उन्हें श्रद्धांजलि भी दी। इस दौरान मंत्री विजय चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, एमएलसी संजय सिंह की भी स्थापना दिवस समारोह में उपस्थिति रही। जबकि इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी इस समारोह में शामिल हुए।
लोक जनशक्ति पार्टी के चुनाव चिह्न पर दावा
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने गुरुवार को उम्मीद जताई कि चुनाव आयोग उनके दिवंगत पिता राम विलास पासवान द्वारा बनाई गई लोक जनशक्ति पार्टी के चुनाव चिह्न पर दावा करने वाली उनकी याचिका पर अनुकूल फैसला देगा। बता दें कि केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन के बाद उनके भाई पशुपति पारस ने विरोध के कारण लोक जनशक्ति पार्टी दो भाग में विभाजित हो गई थी। इसके बाद चिराग पासवान की पार्टी का चुनाव चिह्न छिन गया था। अब चिराग उम्मीद जता रहे हैं कि उनकी पार्टी को वापस से पहले वाला सिंबल मिल जाएगा।