Child Missing : रविवार को दस वर्ष का एक लड़का खेलने के लिए निकला, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला, तब थक-हारकर पुलिस की शरण में पहुंचे। पुलिस को बच्चा सीसीटीवी में दिखा, फिर भी अब तक कोई सुराग नहीं।
पटना से एक बच्चा अचानक गायब हो गया। परिजनों का कहना है कि उनके बच्चे की चोरी कर ली गई है। बच्चा के लापता होने के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मामला शास्त्री नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू पुनाइचक की है।
विज्ञापन
रविवार दोपहर से है लापता
इस मामले में पुलिस का कहना है कि सम्प हाउस के पास रहने वाले जितेंद्र बिन्द, जो हलवाई का काम करते है। उनका कहना है कि उनका 10 वर्षीय बेटा शिवम कुमार रविवार के दोपहर से ही गायब है। शिवम दूसरी कक्षा का छात्र है। रविवार के दोपहर में वह खेलने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद उसका कोई अता-पता नहीं चल पाया। काफी खोजबीन के बाद भी जब वह नहीं मिला तब शिवम की मां ने शास्त्री नगर थाना में लिखित शिकायत की है।
24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली
आवेदन मिलने के बाद शास्त्री नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ-साथ आसपास लगे तमाम सीसीटीवी को खंगाल रही है। हालांकि सीसीटीवी में शिवम गली से निकलते दिख रहा है, लेकिन उसके बाद वह कहां और किसके साथ गया, यह स्पष्ट नहीं हो पाया। परिजनों का आरोप है कि आवेदन दिए हुए लगभग 24 घंटा बीत चुके हैं उसके बाद भी पुलिस मेरे बच्चे को नहीं ढूंढ पाई है। मुझे डर लग रहा है कि कहीं मेरे बच्चे को कहीं कोई अपहरण करके बेच ना दे।