सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने कक्षा 10वीं और 12वीं के नतीजे घोषित कर दिए हैं। इस बार 12वीं में बिहार के 78.83 फीसदी बच्चे यानी 64 हजार 647 पास हुए हैं। वहीं 21 फीसदी बच्चे यानी 13 हजार 686 फेल हो गए। 12वीं कक्षा में विज्ञान संकाय में केंद्रीय विद्यालय बेली रोड के अंकित कुमार ने 98.8 प्रतिशत अंक लाकर राज्य का नाम रोशन किया। उनके स्टेट टॉपर बनने का गौरव प्राप्त हुआ। वहीं वाणिज्य संकाय में संत माइकल हाईस्कूल के अभिनव ने 98 प्रतिशत अंक लाकर टॉप किया है। इसी तरह कला संकाय में संत कैरेंस हाई स्कूल की रितिका रंजन ने 98.2 प्रतिशत अंक लाकर टॉप किया है।
दसवीं में 91.78 फीसदी बच्चे सफल
वहीं दसवीं कक्षा के रिजल्ट की बात करें तो इसमें 91.78 फीसदी यानी एक लाख 59 हजार 304 बच्चे सफल हुए। वहीं 14 हजार 270 बच्चे असफल हो गए। खास बात यह है कि इस बार बेटियां बेटों की तुलना में अधिक सफल रहीं। 10वीं में 92.34 प्रतिशत लड़कियां पास हुईं। वहीं 91.43 प्रतिशत लड़कों ने सफलता हासिल की। दसवीं के रिजल्ट में मधेपुरा जिले की सृष्टि शिखा ने 99.6 प्रतिशत नंबर लाकर बिहार की स्टेट टॉपर बनीं। वहीं मुजफ्फरपुर के ऋषित रजल ने 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरे टॉपर के रूप में अपना नाम दर्ज करवाया। पटना के संत माइकल स्कूल की अक्षिता शांडिल्य, डीएवी पब्लिक स्कूल, बीएसईबी के तन्मल कुमार और पूर्णिया के मिल्लिया कॉन्वेंट स्कूल के प्रेम कुमार 99 प्रतिशत अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
CBSE Results: 10वीं में 93.66 तो 12वीं में 88.39 फीसदी रहा रिजल्ट; दोनों कक्षाओं में बेटियों ने लहराया परचम
क्षेत्रवार प्रदर्शन में 14वें नंबर पर पटना रीजन
क्षेत्रवार प्रदर्शन की बात करें तो इस बार 12वीं में पटना रीजन 14वें नंबर पर रहा। इस बार पटना रीजन से 82.86 प्रतिशत बच्चे पास कर पाएं। वहीं 12वीं में 99.60% के साथ विजयवाड़ा पहले स्थान पर रहा। दूसरे स्थान पर 99.32% उत्तीर्ण प्रतिशत के साथ त्रिवेंद्रम रहा। वहीं, 97.39% उत्तीर्ण प्रतिशत के साथ चेन्नई ने तीसरा स्थान सुरक्षित किया। वहीं दसवीं में क्षेत्रवार प्रदर्शन की बात करें तों पटना रीजन 14वें नंबर पर हैं। पिछले साल के रिजल्ट के मुकाबले पटना रीजन दो पायदान नीचे खिसक गया है। दसवीं में 99.79% उत्तीर्ण प्रतिशत के साथ त्रिवेंद्रम सबसे टॉप पर रहा। इसके बाद, विजयवाडा 99.79% के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं, तीसरे स्थान पर 98.90% के साथ बेंगलुरू है।