Bihar : शनिवार को जाने-माने जमीन कारोबारी की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से ग्रामीणों में काफी आक्रोश व्याप्त हो गया। अब एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कारोबारी अपनी हत्या की आशंका बताते हुए उन आरोपियों का नाम बता रहे हैं।
सीतामढ़ी में शनिवार को बेखौफ अपराधियों ने जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। शहर के जाने-माने जमीन कारोबारी वसीम खान उर्फ पुटू खान उर्फ की जघन्य हत्या के बाद से शहर में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मेहसौल चौक को जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हत्या की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोग सड़कों पर उतर आए।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने पूरे मामले को और सनसनीखेज बना दिया है। यह वीडियो पुटू खान ने खुद अपनी हत्या के ठीक एक दिन पहले रिकॉर्ड किया था। करीब साढ़े तीन मिनट की इस वीडियो में वह साफ तौर पर कह रहे हैं कि उनकी जान को खतरा है और यदि उनकी हत्या होती है तो इसके पीछे कुल सात लोग जिम्मेदार होंगे। वीडियो में पुटू खान ने भाजपा नेता देवेंद्र साह, कचौर के पूर्व मुखिया असगर हुसैन अंसारी, बेलसंड के पूर्व लोजपा प्रत्याशी धमकौल निवासी नसीर अहमद उर्फ लाल, यादव कॉम्प्लेक्स के मालिक धनंजय कुमार, मेहसौल चौक निवासी अजीजुर्रहमान खान उर्फ अजीज, एजाज साह एवं विमलेश कुमार झा का नाम लेते हुए उन्हें अपनी संभावित हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है। वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुटू खान ने वीडियो में कहा था कि वे डर के माहौल में जी रहे हैं और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं, बावजूद इसके उनकी सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
यह खबर भी पढ़ें-http://Bihar News : सड़क दुर्घटना में कई कांवरिया घायल, सड़क के किनारे खड़े ट्रक में कार ने मारी थी टक्कर
घटना के बाद मृतक के परिजनों द्वारा उक्त सात लोगों के खिलाफ नगर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। वीडियो की पुष्टि और तकनीकी जांच भी की जा रही है।इस हत्याकांड ने सीतामढ़ी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल बना हुआ है।