बिहार भाजपा कार्यालय में लोकसभा चुनाव प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें लोकसभा चुनाव के दौरान बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर के प्रबंधन के कार्यों की चर्चा की गई। इस बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार प्रभारी विनोद तावडे, गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, सुशील मोदी, नंदकिशोर यादव, प्रेम कुमार सहित अन्य नेता शामिल थे।
भाजपा की कथनी और करनी में अंतर नहीं
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आज हमारे पास ऐसा चमत्कारिक नेतृत्व है, जिससे चुनाव के पहले ही हम अपने विरोधियों पर बढ़त बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर नहीं है। भाजपा अपने संकल्प पत्र के जरिए लोगों से जो वादा करती है वह उसे पूरा भी करती है। यही भाजपा का ट्रैक रिकार्ड है।
इस बार 400 पार
सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा ने नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 2014 में 530 संकल्प लिया था, जिसमें 529 संकल्पों यानी 99.99% पूरा किया। भाजपा वर्ष 2019 के चुनाव के दौरान 234 संकल्प लिए जिसमे से अभी तक 222 यानी 95% संकल्पों को सिद्धि तक पहुंचा दिए गए।अब लक्ष्य 400 को पार करना है।
सनातन विरोधियों पर साधा निशाना
सम्राट चौधरी सनातन विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि हम सभी सनातन के समर्थक किसी भी धर्म और समाज के विरोधी नही हैं, लेकिन जो तुष्टिकरण करेगा उसे हम छोड़ने वाले भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आज तुष्टिकरण की खातिर सनातन धर्म, सनातन गुरुओं और सनातन ग्रंथों का अपमानित किया जा रहा है।
केंद्र और बिहार सरकार की गिनाई उपलब्धी
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में पिछले 5 दिनों के अंदर 39 लाख आयुष्मान कार्ड बने हैं। जिन लोगो को 5 किलो अनाज मिल रहा है उन्हे 5 लाख के इलाज की भी गारंटी मोदी जी और नीतीश कुमार दे रहे है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण की 125 योजनायें चल रही हैं।
पार्टी के नेता इस तरह जमीन पर करेंगे काम
प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा चुनाव को लेकर न केवल तैयार है बल्कि कार्यकर्ता उत्साहित भी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी बड़े नेता 100 किलोमीटर के भीतर 10 कार्यक्रम और सभा करेंगे, जिसकी तैयारी की जा रही है। कार्यशाला के दौरान दीवार लेखन के काम को बूथ तक करने तथा 10 मार्च तक लाभार्थी संपर्क अभियान चलाए जाने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए भाजपा संकल्प पत्र सुझाव अभियान के तहत 15 मार्च तक मिस्ड कॉल कर या बॉक्स में सुझाव के लिए लोगों को प्रेरित करना है। हर बूथ पर 370 नये वोटर जोडने के लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं को कहा गया है। इस कार्यशाला में बिहार चुनाव सह प्रभारी राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, क्षेत्रीय सह संगठन महामंत्री नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी, संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक राजेन्द्र गुप्ता, सह संयोजक मिथिलेश तिवारी, संयोजक राजेश कुमार वर्मा और संजय गुप्ता सहित कई लोग उपस्थित रहे।