Bihar News : वक्फ संशोधन विधेयक पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक दलों के मुस्लिम नेताओं के बीच असमंजस-गतिरोध के बीच भाजपा क राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन समस्तीपुर पहुंचे। उन्होंने विधेयक के बारे में विस्तार से बात की।
वक्फ बिल संशोधन पर बिहार में जारी सियासी घमासन के बीच भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक मुसलमानों के हित में है। इस विधेयक से गरीब मुसलमानों को लाभ मिलेगा और वह नए सिरे से अपना विकास कर सकेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन शनिवार को समस्तीपुर में कहा कि विपक्ष लोगों को गुमराह कर डरा रहा है। इस विधेयक के पास होने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार धमकियां दी जा रही हैं और गालियां दी जा रही हैं। ऐसे लोगों को वह ट्रेस कर रहे हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड में जहां-जहां भ्रष्टाचार है, वह अब समाप्त हो जाएगा। उन्होंने मुसलमानों से कहा कि वे आराम से इस बिल को पढ़ें फिर अपनी प्रतिक्रियाएं दें। पिछले दिनों इफ्तार पार्टी को लेकर जिस तरह से जदयू और लोजपा को लेकर कहा गया था कि वक्फ बोर्ड अमेंडमेंट बिल का अगर समर्थन जदयू और लोजपा देगी, तो मुसलमान इसका विरोध करेंगे। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं सीएम नीतीश कुमार की पार्टी के नेताओं के इस्तीफे के सवाल पर उन्होंने कहा कि जदयू के कुछ नेता त्यागपत्र दे रहे हैं। उनमें कोई बड़ा नाम नहीं है। वह भी अपने को ड्रामा कर रहे हैं। इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। यह बिल मुसलमानों के हित में है। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बेहतरीन सरकार चल रही है। सुबह से शाम तक वह सरकार के कामकाज में लगे रहते हैं।
वक्फ संशोधन विधेयक से एनडीए के वोट में बढ़ोतरी होगी
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक से एनडीए के वोट में बढ़ोतरी होगी। आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए को फायदा मिलने वाला है और एनडीए 200 से पार जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास की तर्ज पर काम कर रहे हैं। गरीब मुसलमान की आर्थिक स्थिति में सुधार आए, इसीलिए इस बिल को लाया गया है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी सिटीजनशिप अमेंडमेंट एक्ट पर हाय तौबा मचाया गया था, लेकिन क्या वह बिल मुसलमानों के विरोध में था? आज तक कितने मुसलमानों को देश से निकाला गया? विपक्ष को इसका जवाब देना चाहिए। विपक्ष देश की जनता को अब गुमराह नहीं कर सकती है। बिहार की जनता लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी ऐसे लोगों को जवाब देगी।