Bihar : बिहार में एनडीए के गठबंधन की सरकार है और इसी वर्ष 2025 में बिहार विधान सभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में एक शख्स ने अपने बहनोई भाजपा नेता पर जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। इतना ही नहीं उसने एक वीडियो भी जारी किया है।
बिहार में भाजपा नेता और मधेपुरा विधानसभा के प्रत्याशी रहे विजय कुमार विमल पर उनकी पत्नी के भाई ने गोली मारने का गंभीर आरोप लगाया है। घायल युवक का इलाज मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। हालांकि भाजपा नेता ने इस आरोप को सिरे खारिज करते हुए कहा कि वे 2 मार्च से ही दिल्ली में हैं। ऐसे में यह आरोप पूरी तरह से झूठा है।
विज्ञापन
स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने चलाई गोलियां
घटना की जानकारी देते हुए घायल के घायल मनोज कुमार ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे वह अपने पेट्रोल पंप से मैनेजर रविंद्र कुमार के साथ बाइक से मधेपुरा लौट रहे थे। सिंहेश्वर पहुंचने पर उन्होंने मैनेजर को लौटा दिया और ऑटो पकड़कर मधेपुरा की ओर बढ़ने लगे। सिंहेश्वर से मधेपुरा जाते समय डॉ. बी राणा के क्लिनिक के पास एक स्कॉर्पियो उनके पीछे लग गई। जैसे ही वह कृषि विभाग कार्यालय के पास ऑटो से उतरे, स्कॉर्पियो से विजय कुमार विमल ने जान से मारने की नीयत से अपने लाइसेंसी पिस्टल से चार गोलियां चलाईं।
मामला हुआ दर्ज
घायल मनोज कुमार ने बताया कि एक गोली उनके दाहिने कमर में लगी। गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़े। स्कॉर्पियो में तीन अन्य लोग भी सवार थे। मनोज कुमार ने तत्परता से घटना की सूचना मधेपुरा थाना को दी, जिसके बाद पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची। वहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मनोज कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि विजय कुमार विमल और उनके सहयोगियों ने जान से मारने की नीयत से उन पर गोली चलाई। इस मामले में सदर थाना अध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि घायल के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन
भाजपा नेता आरोप को बताया झूठा
घटना के संबंध में भाजपा नेता विजय कुमार विमल ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि वह 2 मार्च से दिल्ली में इलाज के लिए आए हुए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पत्नी का भाई मनोज कुमार झूठा आरोप लगा रहा है। विजय कुमार ने दावा किया कि जिस स्कॉर्पियो का जिक्र एफआईआर में किया गया है, वह उनके घर के पास खड़ी है और वहां सीसीटीवी कैमरा भी लगा हुआ है। सीसीटीवी फुटेज से यह स्पष्ट हो जाएगा कि स्कॉर्पियो कब से वहां खड़ी थी। विजय कुमार ने एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग की है।