नाव पर बाइक लेकर जा रहे शिक्षकों को हुई भारी परेशानी।
- फोटो : amar ujala digital
समस्तीपुर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के हरदासपुर के पास गुरुवार सुबह एक नाव गंगा के बीच टापू से टकरा गई। इस घटना पर कुछ शिक्षकों को चोटें आई हैं। हालांकि किनारा होने के कारण किसी भी शिक्षक के डूबने की सूचना नहीं है। नाव शिक्षकों को लेकर रसलपुर घाट से धरनी पट्टी हरदासपुर जा रही थी। नाव पर 30 से 35 लोग सवार थे। बताया गया है कि इसमें अधिकतर शिक्षक हैं, जो सुबह अपने-अपने स्कूल के लिए नाव से निकले थे। सभी शिक्षक गंगा दियारा के विभिन्न स्कूलों में तैनात हैं।
धुंध में नहीं दिखा उभरा इलाका, बाइक गिरने से दबे शिक्षक
घटना के संबंध में बताया गया है कि मोहनपुर के रसलपुर घाट से नाव पर 30 से 35 लोग सवार होकर हरदासपुर, धरनी पट्टी, सरसावा आदि इलाकों के लिए निकले थे। इसी दौरान हरदासपुर के पास नाव गंगा के बीच उभरे टापू से टकरा गई। कुहासा अधिक होने के कारण नाविक को टापू का अंदाज नहीं हो सका, हालांकि गति काफी कम होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। नाव पर कई बाइक थी, जो पलटकर शिक्षकों पर ही गिर गई। कई शिक्षक इसमें दब गए। एक महिला शिक्षक भी जख्मी हुई है। बाद में नाव पर सवार लोगों ने ही उसे सीधा किया और पुनः अपने-अपने गंतव्य के लिए निकल गए।
अधिकारी ने क्या कहा
पटोरी के अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार पांडे ने बताया कि आधिकारिक तौर पर अभी उनके पास जानकारी नहीं मिली है। पूरे मामले की जांच करवा रहे हैं। मोहनपुर के अंचलाधिकारी को मामला देखने के लिए बोला गया है।