बिहार की राजधानी पटना में भी अराजक तत्वों पर किसी का नियंत्रण नहीं दिख रहा है। पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के चुनाव के दौरान सैदपुर हॉस्टल के छात्र कई किलोमीटर दूर आकर मगध महिला कॉलेज में भी मनमानी कर रहे हैं। बुधवार को मगध महिला कॉलेज में तनातनी का कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों को घेरकर पीटा गया। एक पत्रकार का तो हाथ तोड़ दिया गया। इस दौरान छात्र संघ चुनाव के नाम पर राजनीति कर रहे लड़कों ने गालियां देते हुए पत्रकारों को निशाना बनाया। जानिए क्या कैसे हुआ...
मगध महिला कॉलेज के पास हुई घटना
पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 29 मार्च को होने वाला है। सभी प्रत्याशी चुनाव प्रचार कर रहे हैं। बुधवार दोपहर मगध महिला कॉलेज में महासचिव पद के प्रत्याशी चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान एक उम्मीदवार के समर्थक दूसरे उम्मीदवार पर पर्चा फेंकने लगे। उम्मीदवार ने फौरन गांधी मैदान के पास स्थित एक हॉस्टल से अपने समर्थकों को मदद के लिए बुलाया। देखते ही देखते पटना विश्वविद्यालय के दो हॉस्टल के छात्र आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई।
कवरेज कर रहे पत्रकार का हाथ तोड़ा
चुनाव प्रचार करने वाले छात्र वहां उपद्रव कर रहे थे। इसी दौरान पटना एक प्रतिष्ठित पत्रकार वहां समाचार संकलन कर रहे थे। अचानक उपद्रवी लड़के वहां पहुंचे और पत्रकार के साथ अभ्रदता करते लगे। पत्रकार ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने और मीडिया वाले कहते हुए मारपीट और गाली-गलौज करने लगे। पत्रकार जब तक संभल पाते तब तक उपद्रवियों ने उनपर हमला बोल दिया। उपद्रवियों ने पत्रकार को बेरहमी से पीटा। इसमें उनका एक हाथ और चश्मा टूट गया। मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गया। आननफानन में सहयोगी पत्रकारों ने उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गए। वहां घायल पत्रकार का इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद पटना के सभी पत्रकारों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। पटना पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।