मृतक शिक्षक नीतीश कुमार भारद्वाज
- फोटो : फाइल फोटो
गोपालगंज जिले के फुलवरिया प्रखंड स्थित सहयोगी उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज के शिक्षक नीतीश कुमार भारद्वाज और उनके पिता लव कुमार प्रसाद की उत्तर प्रदेश में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक शिक्षक सिवान जिले के रघुनाथपुर गांव के निवासी थे। बुधवार को वे विद्यालय से अवकाश लेकर अपने बीमार पिता को बाइक से गोरखपुर इलाज के लिए ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में एक अनियंत्रित वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- Bihar News:कर्ज में डूबे युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिजनों में मचा कोहराम; घर बेचकर रह रहा था किराए पर
तेज रफ्तार वाहन ने जोकवा बाजार के पास मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, बुधवार को शिक्षक नीतीश कुमार भारद्वाज अपने पिता को बाइक पर बैठाकर गोरखपुर जा रहे थे। जब वे उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तुर्पटी थाना क्षेत्र के जोकवा बाजार के पास पहुंचे, तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिर गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मोबाइल फोन से हुई पहचान, परिवार में मचा मातम
आसपास के स्थानीय लोगों ने दोनों के मोबाइल फोन के आधार पर उनके परिवार और विद्यालय को सूचना दी। जब यह खबर सिवान स्थित उनके गांव पहुंची, तो परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक शिक्षक अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनके असमय निधन से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
यह भी पढ़ें- Bihar Crime:अपने खेत में लगी फसल काटने से डर रहे किसान, पुलिस भी खौफजदा, कई थानों से लेनी पड़ रही मदद
विद्यालय में मातम, शिक्षकों और छात्रों ने दी श्रद्धांजलि
शिक्षक की मौत की खबर मिलते ही विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मृतक शिक्षक को श्रद्धांजलि देने वालों में अंजनी कुमार सिंह, हरिशंकर सिंह, मनीष कुमार पाल, अमित कुमार, जनार्दन यादव, राजेश कुमार और शशि प्रकाश सिंह समेत कई शिक्षक शामिल रहे।
वहीं, शिक्षकों ने सरकार से मांग की है कि मृतक शिक्षक के परिवार को उचित मुआवजा और सहायता दी जाए, ताकि उनके परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।