Bihar : पुलिस जब स्कॉर्पियो की जांच करने लगी तो अंदर का नजारा देखकर भौंचक रह गई। इतना सोना एक साथ देखकर पुलिस हैरान थी। फिर पुलिस ने स्कॉर्पियो के अंदर बैठे शख्स का परिचय पूछा तो उस शख्स ने कहा कि मैं रेलवे विभाग का एक बड़ा अधिकारी हूं।
बिहार की पुलिस ने रेलवे के एक बड़े अधिकारी समेत दो लोगों को 8 पीस सोना के बिस्कुट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटना महेन्द्रू में रेलवे विभाग का वरीय प्रशाखा अभियंता है। उसकी पहचान पटना जिला के पाटलिपुत्रा अंतर्गत हरू नगर निवासी स्वर्गीय अरुण कुमार के पुत्र विवेक रंजन के रूप में की गई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले को अब आयकर विभाग, सीबीआई और रेलवे खुद जांच कर रही है। वहीं दूसरा व्यक्ति वाहन चालक है। उसने अपनी पहचान पटना जिला के कादिरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मानकीपुर निवासी राजकिशोर प्रसाद के पुत्र गुंजन कुमार के रूप में की है। पुलिस का कहना है कि सोना का वजन 800 ग्राम है।
विज्ञापन
इस मामले में पुलिस का कहना है कि दोपहर में पुलिस को सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो गाड़ी से 2 व्यक्ति पटना से बक्सर की ओर सोना लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने दलसागर टॉल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी को रोका। स्कॉर्पियो की जब तलाशी ली गई तो उसमें 8 पीस सोना के बिस्कुट पाए गए। सोना का कुल वजन 800 ग्राम बताया जा रहा है। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
इस संबंध में डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि विवेक रंजन और गुंजन कुमार से पूछताछ के आधार पर पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह सोना कहां से आया और इसे कहां ले जाया जा रहा था। बरामद सोने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गया है। इस घटना ने रेलवे कर्मचारी की संलिप्तता को लेकर विभागीय सतर्कता बढ़ा दी है। आयकर विभाग और सीबीआई को मामले की गहन जांच के लिए सूचना दी गई है। प्रारंभिक जानकारी से यह स्पष्ट है कि सोना तस्करी का मामला है।