रविवार सुबह जिस समय से बेगूसराय में भरतीय जनता पार्टी के नेता की बेटी पर एसिड अटैक की खबर निकली, तभी से हंगामा मचा हुआ है। बेगूसराय का बखरी अचानक खबरों में आ गया। कई नेताओं की गाड़ियों ने उधर का रुख कर लिया तो कई पहुंचने की तैयारी में थे। इसी बीच पुलिस ने तेजी से काम करते हुए एसिड अटैक कांड की जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी मनीष कुमार ने बताया कि शनिवार की रात बखरी थाना क्षेत्र के नगर परिषद वार्ड नंबर 23 में सोयी अवस्था में 24 साल की एक युवती पर तेजाब फेंक उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया था। कांड की जांच में सामने आया कि रिश्ते में लगने वाला और घर की दीवार से सटे मकान में रहने वाले अंजनी सिंह की उस लड़की पर बुरी नजर थी। वह लड़की की शादी नहीं होने देना चाहता था। जब उसे लगा कि लड़की रिस्पांस नहीं दे रही है तो उसने अपने एक साथी को उसपर एसिड अटैक करने के लिए कह दिया।
सीसीटीवी से पकड़ा गया एसिड फेंकने वाला, फिर साजिशकर्ता
एसपी मनीष कुमार ने बताया है कि एसिड के बोतल के साथ तेजाब फेंकते समय अभियुक्त महबूब आलम उर्फ फुलटूस के शरीर पर रहे कपड़े- शर्ट, पैंट, मफलर, जूते को भी बरामद किया गया है। उसके दो मोबाइल को भी पुलिस ने जब्त किया है। एसिड फेंकने वाला महबूब गांव में अपने दोस्त सोनू कुमार के घर में छिपा था। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस को उसका हुलिया मिला और फिर पूछताछ करते हुए उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एसिड का बोतल बखरी स्थित कानू टोला में नाला के निकट केला के जड़ के पास से बरामद किया गया। पुलिस ने जब महबूब से कड़ी पूछताछ की तो उसने पूरे कांड का उद्भेदन कर दिया। उसने ताया कि अंजनी कुमार सिंह उस लड़की से एकतरफा प्यार करता था। वह भाव नहीं दे रही थी, इसलिए एसिड फेंकने के लिए कहा। अंजनी ने भी गिरफ्तारी के समय पूरे घटनाक्रम को स्वीकार कर लिया।