केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड, भारत सरकार के सहयोग से बिहार सचिवालय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के तत्वावधान में इस बार पटना में 'अखिल भारतीय असैनिक सेवा संगीत, नृत्य एवं लघु नाट्य प्रतियोगिता 2024-25' का आयोजन हो रहा है। प्रतियोगिता मंगलवार 25 फरवरी से शुरू होगी और 03 मार्च 2025 तक चलेगी। राजवंशीनगर स्थित उर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित प्रतियोगिता के लिए देशभर से 750 कलाकार पटना पहुंच चुके हैं।
प्रतियोगिता में तीन प्रमुख श्रेणियाँ होंगी: लघु नाट्य (25 से 27 फरवरी), संगीत (28 फरवरी से 2 मार्च), और नृत्य (3 मार्च)। इसमें हिन्दुस्तानी संगीत, कर्नाटकी संगीत, पाश्चात्य गायन, लोक गायन, वाद्य संगीत सहित अन्य विभिन्न विधाओं में कार्यक्रम होंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिसमें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, अभिनेत्री, गायक आदि को सम्मानित किया जाएगा।
देशभर से 18 राज्य की टीमें भाग ले रही हैं
इस प्रतियोगिता में देशभर से 18 राज्य की टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें लगभग 750 प्रतिभागी शामिल हैं। यह प्रतियोगिता विशेष रूप से सरकारी अधिकारियों के बीच आयोजित की जा रही है, जिनमें से प्रत्येक अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं के तहत प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता की सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए डॉक्टर, नर्स, फिजियोथेरेपिस्ट, और एम्बुलेंस चालक की व्यवस्था भी की गई है।
उर्जा ऑडिटोरियम में होगा कार्यक्रम
इस आयोजन के मुख्य अतिथि बिहार के मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार के विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उद्घाटन समारोह मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे उर्जा ऑडिटोरियम में होगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के सचिव प्रणव कुमार और सचिव वित्त विभाग के विशेष सचिव राहुल कुमार हैं। यह भव्य आयोजन केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड के तत्वावधान में बिहार सचिवालय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के सांस्कृतिक प्रभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है।