पटना के दानापुर में ईंट लदे ट्रैक्टर ने ऑटो में टक्कर कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो बीच सड़क पर पलट गया और उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। आननफानन में घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इस बीच ट्रैक्टर ड्राइवर गाड़ी मौके पर छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस फरार हुए ट्रैक्टर ड्राइवर की तलाश कर रही है।
घायलों का इलाज चल रहा है
बताया जा रहा है कि एक ऑटो पर सवार पांच लोग दानापुर से मनेर जा रहे थे। वहीं तेज रफ्तार से ईंट लोड ट्रैक्टर दानापुर की तरफ आ रहे थे। आरा गोलंबर के नजदीक ट्रैक्टर ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो बीच सड़क पर पलट गया और उसमें सवार तीन महिला दो पुरुष घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों गाड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक थाना और दानापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक महिला की पहचान किस्मतया देवी के रूप में की गई है। जो मनेर के छितनामा की निवासी थी। वहीं दूसरी तरफ इस हादसे में घायल शत्रुघन कुमार, अनीशा देवी, मुकेश कुमार एवं सविता देवी को इलाज के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना की पीएमसीएच रेफर कर दिया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची ट्रैफिक थाने की पुलिस ने दोनों गाड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया है।