बिहार सरकार ने पुलिस महानिदेशक अभयानंद को हटा दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रिय अफसरों में शुमार किए जाने वाले अभयानंद की जगह 1980 बैच के आईपीएस अधिकारी पीके ठाकुर को नियुक्त किया गया है।
पीके ठाकुर इससे पहले मुख्यमंत्री के तहत आने वाले विजिलेंस विभाग के निदेशक थे। मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम में पीके ठाकुर ने अहम रोल अदा किया था।
वहीं अभयानंद होम गार्ड और फायर सर्विसेज के डीजी का कामकाज संभालेंगे जो वह बतौर डीजीपी भी संभालते थे। 1977 बैच के आईपीएस अधिकारी अभयानंद इस साल 31 दिसंबर को रिटायर होंगे।
पीके ठाकुर ने कहा कि पुलिसवालों की दिक्कतों पर ध्यान दिया जाएगा। अक्सर देखने में आता है कि पुलिस लाइनों में बैरकों की हालत काफी खराब होती है उसको भी सुधारा जाएगा।
उन्होंने कहा कि लापरवाह पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी एक्शन लिया जाएगा। ठाकुर को दो बार राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। पहली बार 1997 में और दूसरी बार 2005 में।
उन्होंने यूएस पुलिस से 2005 में क्राइसिस एंड होस्टेज मैनेजमेंट की भी ट्रेनिंग ली है। 1981 में उनकी पहली पोस्टिंग बतौर एएसपी पटना थी। इसके बाद वे एसपी पटना बने। हजारीबाग से उन्होंने मैट्रिक की थी, इसके बाद उन्होंने सेंट स्टीफेंस दिल्ली से केमिस्ट्री में स्नातक और जेएनयू से अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में परास्नातक की पढ़ाई की।