16 लाख के लूडो गेम में नालंदा के युवक की गई जान
- फोटो : AMAR UJALA DIGITAL
नालंदा में रेलवे स्टेशन के समीप एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ बरामद हुआ। मामला नगर थाना क्षेत्र के बिहार शरीफ रेलवे स्टेशन के समीप की है। शव मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान नईसराय मोहल्ला निवासी होमगार्ड जवान विजय यादव के पुत्र रवि कुमार उर्फ आदित्य राज (28) के रूप में की गई है। पीड़ित पिता विजय यादव नालंदा समाहरणालय में होमगार्ड जवान के पद पर तैनात हैं।घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि रवि मंगलवार की शाम घर से एक लाख रुपए लेकर निकला था लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। इस बीच काफी खोजबीन की गई लेकिन इसके बाद भी उसका कहीं कुछ अता पता नहीं चल पाया। गुरूवार को किसी ने फोन पर उसके मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे जहां रवि कुमार उर्फ़ आदित्य राज का शव पेड़ से लटका हुआ बरामद हुआ।
लूडो में गई जान
घटना के संबंध में मृतक की बहन ने बताया कि मेरा भाई लूडो वाला गेम खेलता था जिसमें आलमगंज में रहने वाले किसी लडके ने उसे फंसा कर सब रुपया भी ले लिया और उसकी हत्या भी कर दी। परिजनों का यह भी कहना है कि उनलोगों ने रुपये लेकर मेरे भाई की हत्या कर पेड़ से लटका दिया ताकि लोग उसे आत्महत्या समझ सके। पुलिस ने मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।