घटना के बाद रोती मृतक की परिजन
- फोटो : अमर उजाला
नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र में कानून को हाथ में लेकर हिंसा करने का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां के झुनकिया बाबा मंदिर के समीप सोमवार तड़के चोरी के आरोप में उग्र भीड़ ने दो युवकों को पकड़कर बेरहमी से पीट दिया। स्थानीय लोगों द्वारा की गई इस बर्बर पिटाई में दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची राजगीर थाना की गश्ती पुलिस ने दोनों घायलों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान पटना के पीएमसीएच में दोनों की मौत हो गई।
दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर गांव निवासी अमरदीप पासवान के 24 वर्षीय पुत्र पिंटू पासवान और नरेश पासवान के 18 वर्षीय पुत्र श्रवण पासवान के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
मेला घूमने गए थे, फिर आई मौत की खबर
घटना के संबंध में बताया जाता है कि दोनों युवक रविवार को अपने गांव के कुछ दोस्तों के साथ राजगीर में मेला घूमने आए थे। मृतक पिंटू पासवान की मां सरोज देवी और श्रवण की बहन रीता देवी ने बताया कि दिनभर सब कुछ सामान्य था, लेकिन देर रात दलित टोली के कुछ लोगों द्वारा हल्ला किया गया कि दोनों युवकों को चोरी के आरोप में मंदिर के पास बंधक बनाकर पीटा जा रहा है। परिजन जब तक कुछ समझ पाते और मौके पर पहुंचते, तब तक पुलिस गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को अस्पताल ले जा चुकी थी। मृतक पिंटू पेशे से राजमिस्त्री था और पांच भाइयों व तीन बहनों में सबसे बड़ा होने के कारण अपने घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। घटना के बाद पुलिस प्रशासन मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए अपने साथ पीएमसीएच, पटना ले गई है।
पुलिस को तड़के मिली सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि सोमवार, 15 जून की सुबह करीब साढ़े तीन बजे राजगीर थाना को झुनकिया बाबा स्थान के पास दो लोगों को चोरी करते हुए पकड़े जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की गश्ती टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, जहां दोनों युवक स्थानीय लोगों के कब्जे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। पुलिस बल ने तुरंत दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया।
ये भी पढ़ें:
पेट्रोल मांगने आए थे युवक, दुकानदार ने किया विरोध, फिर सिर में सटाकर मारी गोली, बाजार में मची चीख-पुकार
इलाज के दौरान मौत
पटना में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। डीएसपी ने कहा कि कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। पुलिस इस मामले में संलिप्त आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी एवं विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।