Bihar MLC Election: बिहार एमएलसी चुनाव को लेकर सियासत गरमाई गई है। एक दिन पहले राष्ट्रीय जनता दल ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा की तो लालू परिवार के भीतर का कलह एक बार फिर सामने आ गया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने उन पर गंभीर आरोप लगा दिया है।
राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की अपने भाई तेजस्वी यादव से नाराजगी दूर नहीं हुई है। वह एक फिर से अपने भाई तेजस्वी यादव पर भड़क गईं हैं। शिक्षक-स्नातक विधान परिषद् चुनाव में राजद की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा के बाद रोहिणी का गुस्सा सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर बता दिया कि उम्मीदवारों के चयन से वह खुश नहीं हैं।
विज्ञापन
रोहिणी ने क्या कहा? जो सुर्खियों में है...
शनिवार को रोहिणी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वैचारिक निष्ठा और लंबे संघर्ष को दरकिनार कर ऐन चुनाव (विधान परिषद चुनाव ) से पहले आए अवसरवादी चेहरों को प्राथमिकता देना समर्पित नेताओं-कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का घोर अनादर है। दशकों तक लाठियां खाकर पार्टी और संगठन को सींचने वाले नेताओं को दरकिनार करना राजद के आंतरिक लोकतंत्र और जमीनी कैडर के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। यह निर्णय न केवल निष्ठावान लालूवादियों के साथ वादाखिलाफी है, बल्कि लालू जी की विचारधारा, पार्टी के मूल सिद्धांतों और संगठन की मजबूती पर भी गहरा आघात है।
एमएलसी चुनाव: राजद ने स्नातक-शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए घोषित किए छह उम्मीदवार, किसे-कहां से दिया टिकट?
जानिए राजद ने किन्हें-कहां से बनाया उम्मीदवार?
राजद ने कुल छह उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। इनमें चार स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी हैं। प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने बताया कि पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह को टिकट दिया है। वहीं सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रो. जयराम यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोशी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को प्रत्याशी घोषित किया गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने बताया कि दो अन्य सीटों पर अभी विचार किया जा रहा है।