बिहार की नीतीश कुमार सरकार में मंत्री और भाजपा नेता जनक राम ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में अनुसूचित समुदाय की लड़कियों को कथित तौर पर अगवा कर जबरन धर्म परिवर्तन कर उनका निकाह कराए जाने को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के परिवारों पर अत्याचार बाबा साहब आंबेडकर के सोच व सिद्धांतों पर कुठाराघात होगा।
खनन एवं भूतत्व मंत्री जनक राम ने मंगलवार को बताया कि अनुसूचित जाति की लड़कियों के जबरन धर्म परिवर्तन की घटनाओं को लेकर मैंने गोपालगंज और जमुई के जिलाधिकारियों व पुलिस अधीक्षकों को हाल ही में पत्र लिखा है और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इसी तरह का एक मामला मुजफ्फरपुर जिले में भी प्रकाश में आया है।ऐसी घटनाएं शर्मनाक हैं और अनुसूचित जाति के भाई-बहनों पर अत्याचार से समाज में असुरक्षा की भावना प्रबल होगी।
विज्ञापन
जमुई के जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को गत चार जून को लिखे पत्र में मंत्र ने चंद्रदीप थाना अंतर्गत दीननगर गांव में अनुसूचित समाज की एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला उठाया है। उन्होंने एक विशेष समुदाय के कुछ लोगों द्वारा लड़की का धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कराने और पीड़िता के पिता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दिए जाने का जिक्र करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इसके साथ ही जनक राम ने बीती छह जून को गोपालगंज के जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को एक पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने कुचायकोट थाना अंतर्गत खानपट्टी गांव में महादलित समुदाय की एक लड़की का अल्पसंख्यक समुदाय के एक युवक द्वारा शादी करने के इरादे से जबरन अपहरण कर लिए जाने का जिक्र किया है। उन्होंने पत्र में कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।
विज्ञापन
मंत्री ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार आम जनों, गरीब, अनुसूचितों और असहायों को न्याय देने के प्रति कटिबद्ध है। उल्लेखनीय है कि गत छह जून को बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने भी प्रदेश में विगत कुछ दिनों में अनुसूचित समाज पर अल्पसंख्यक समाज द्वारा कथित तौर पर अत्याचार किए जाने की घटनाएं काफी बढ़ जाने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि प्रशासन को हर जगह चौकसी की जरूरत है ।