मुजफ्फरपुर की उत्पाद पुलिस ने शहर के एक ऑनलाइन कूरियर कंपनी में छापेमारी कर हरियाणा से भेजे गये शराब को जब्त किया है। साथ ही डिलीवरी लेने पहुंचे 5 कारोबारियों को भी पुलिस ने डिलीवरी लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला नगर थाना क्षेत्र के मझौलिया की है। पुलिस ने मौके से डिलेवरी किए गए 24 कार्टन शराब भी जब्त किए हैं। दो शिपमेंट में खेप भेजी गई थी। एक शिपमेंट शहर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्तिथ शेखपुरा ढाब में डिलीवरी देनी थी। दूसरी समस्तीपुर में डिलीवरी देनी थी।
कुरियर के माध्यम से शहर में मंगवाई जा रही थी शराब
उत्पाद पुलिस के अनुसार उन्हें कई दिनों से यह गुप्त सूचना मिल रही थी कि शहर में बढ़ते पुलिसिया दबिश के कारण शराब माफिया अब शहर में कूरियर के माध्यम से शराब मंगवा रहे हैं जिससे किसी को कोई शक न हो। सूचना के आधार पर उत्पाद पुलिस सादे लिबास में कुरियर कंपनी के अंदर और बाहर बैठ गई।
दो टीम बनाकर पुलिस ने की घेराबंदी
उत्पाद पुलिस ने शराब माफियाओं को रंगे हाथ पकड़ने के लिए दो अलग अलग टीमों का गठन किया। सूचना के मुताबिक देर रात एक टीम मझौलिया स्थित ऑनलाइन कूरियर कंपनी के अंदर गई। दूसरी टीम बाहर ही घात लगाकर बैठ रही लगी। समय का इंतजार करते हुए निश्चित समय पर दो कारोबारी डिलीवरी लेने वहां पहुंचे। उन दोनों ने जैसे ही सामान का डिलीवरी लिया अंदर बैठी पुलिस ने डिलीवरी लेने आए दोनों युवकों को दबोच लिया।
हरियाणा से मंगवाई जा रही थी शराब
इस मामले में उत्पाद इंस्पेक्टर कुमार अभिनव ने बताया कि ऑनलाइन कूरियर के माध्यम से हरियाणा से आई 24 कार्टन शराब की खेप पकड़ी गई है। डिलीवरी लेने आए दो कारोबारियों को पुलिस ने डिलीवरी लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। फिलहाल गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों से उत्पाद थाने में गहन पूछताछ की जा रही है। यह खेप कब से और कहां से ऑर्डर किया जा रहा था। इन सब बातों की जानकारी ली जा रही है।